काशीपुर। तेज रफ्तार हवा के साथ बारिश होने व बिजली कड़कने से ट्रांसफार्मर फुंकने और बिजली खंभे क्षतिग्रस्त होने पर कई क्षेत्रों की बत्ती गुल हो गई। 18 घंटे बाद आपूर्ति होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
निगम को करीब 22 लाख की चपत लगी है। बुधवार की देर रात तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। इस बीच बिजली कड़कने लगी। इससे महुआखेड़ा गंज में उद्योगों की 33केवी की एचटी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। ग्राम धीमरखेड़ा में बिजली गिरने से 250केवीए के ट्रांसफार्मर फुंक गया।
इससे दोनों क्षेत्रों में बत्ती गुल हो गई। देर रात मरम्मत कार्य होने पर करीब 18 घंटे बाद आपूर्ति बहाल होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
वहीं प्रतापपुर, कुंडेश्वरी, मानपुर, नारायणनगर आदि क्षेत्रों में छुटपुट फॉल्ट हो गए। इससे गिरीताल, रामनगर रोड, कुंडेश्वरी, बाजपुर रो आदि क्षेत्रों में करीब तीन-चार घंटे बिजली गायब रही।
अधिशासी अभियंता विवेक कांडपाल ने बताया कि उद्योगों की 33केवी की बिजली लाइन, 10 खंभे, 12 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। विभाग को करीब 22 लाख का नुकसान हो गया है। देर रात धीमरखेड़ा में नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।