रुद्रपुर। एनएच 109 पर पंतनगर मो़ड़ के साथ ही कई स्थानों पर दो महीने बाद स्ट्रीट लाइटें जलने लगी हैं।
पंतनगर मोड़ के साथ ही दिनेशपुर मोड़ और सिडकुल के पास कई स्थानों पर करीब दो महीने से स्ट्रीट लाइटें नहीं जल रही थीं। स्ट्रीट लाइट न जलने से इन स्थानों पर रात में वाहनों के आवागमन में दिक्कत हो रही थी। पंतनगर मोड़ और दिनेशपुर मोड़ में रात तक लोग वाहनों के इंतजार में खड़े रहते हैं। अंधेरे में खड़े रहने में लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
दिनेशपुर मोड़ के पास लावारिस जानवरों का भी जमावड़ा रहता है। स्ट्रीट लाइट बंद होने से नजदीक आने पर ही जानवर दिखाई देते थे। इससे हादसों का खतरा पैदा हो रहा था। इस मामले को अमर उजाला ने कई बार उजागर किया था। एनएचएआई के परियोजना निदेशक विकास मित्तल ने खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने की बात कही थी। शनिवार रात को दिनेशपुर मोड़ और पंतनगर मोड़ के पास स्ट्रीट लाइटें जलती मिलीं। लाइटों को ठीक करा दिया गया है। इससे वाहन संचालकों के साथ ही राहगीरों को राहत मिली है। संवाद