काशीपुर संस्थान में प्रोजेक्ट के साथ छात्र-छात्राएं।
- फोटो : संवाद
अब किसान को खेत में जाकर यह नहीं देखना पड़ेगा कि मिट्टी सूखी है या गीली है। मोबाइल ही खेत को पानी की जरूरत होने की सूचना देगा और खेत में लगा पंप भी अपने आप चल पड़ेगा। इतना ही नहीं खेत में आग लगने या धुआं उठने का सिग्नल भी मोबाइल अलार्म बजाकर किसान को देगा।
राजकीय पॉलिटेक्निक के विद्यार्थी ओम पटेल, राहुल रावत, पूजा, सानिया भारद्वाज और देव प्रताप ने स्मार्ट कृषि व पर्यावरण सुरक्षा स्वचालन प्रणाली एग्रीनेक्सा इकोसिस्टम नाम से प्रोजेक्ट तैयार किया है। इस सिस्टम का दिमाग ईएसपी32 नोडएमसीयू है। यह सिस्टम वाई-फाई और ब्लूटूथ से जुड़कर पूरे खेत की निगरानी करता है। मिट्टी में लगा कैपेसिटिव सॉइल मॉइस्चर सेंसर नमी को मापता है। जैसे ही मिट्टी सूखती है रिले के जरिए मिनी पंप अपने आप चालू हो जाता है और सिंचाई शुरू हो जाती है। अगर बारिश आ जाए तो रेन ड्रॉप सेंसर तुरंत पंप को बंद कर देता है जिससे पानी की बर्बादी रुक जाती है। डीएचटी 11 सेंसर तापमान और आर्द्रता बताता है, इससे सिंचाई का अंतराल तय होता है। वहीं एमक्यू-2 गैस सेंसर खेत में धुआं या ज्वलनशील गैस का पता चलते ही हाई अलर्ट जारी कर देता है।
मोबाइल पर पूरा खेत
इसकी सबसे बड़ी खासियत है इसका मोबाइल डैशबोर्ड। मिट्टी की नमी, तापमान, आर्द्रता, बारिश की स्थिति, गैस का स्तर और पंप की स्थिति सब कुछ लाइव मोबाइल पर दिखता है। किसान घर बैठे अपने खेत पर नजर रख सकता है। छात्रों के अनुसार इस प्रोजेक्ट से उन्होंने माइक्रोकंट्रोलर प्रोग्रामिंग, सेंसर इंटीग्रेशन, वायरलेस कम्युनिकेशन और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) इलेक्ट्रॉनिक्स का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया। भविष्य में इसमें क्लाउड डेटा लॉगिंग और स्वचालित फसल प्रबंधन भी जोड़ा जा सकेगा। प्रधानाचार्य बीपी सिंह, शिक्षक जेसी पांडे, नेहा बोरा, मनमोहन ने टीम को बधाई दी।
एक नजर में एग्रीनेक्स इकोसिस्टम
लागत : करीब 8000 रुपये, एक सप्ताह का समय।
मुख्य तकनीक : ईएसपी32 नोड एमसीयू, सोइल मोस्चर, रेन ड्रोप, डीएचटी 11, एमक्यू-2 सेंसर
खासियत : ऑटो सिंचाई, बारिश में ऑटो कट, गैस-धुआं अलर्ट, मोबाइल डैशबोर्ड