रुद्रपुर। वायु प्रदूषण और पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जिले भर के ईंट भट्ठों और स्टोन क्रशर यूनिटों की निगरानी तेज कर दी है। बोर्ड ने क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाकर उत्सर्जन मानकों, धूल नियंत्रण व्यवस्था और अपशिष्ट प्रबंधन की जांच की।
सूत्रों के अनुसार, जिले में संचालित 85 ईंट भट्ठों और 20 से अधिक क्रशर यूनिटों में से 10 इकाइयों में प्राथमिक स्तर पर मानकों की कमी पाई गई। इनमें पानी के छिड़काव की अपर्याप्त व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों का सही संचालन न होना और खुले में धूल उड़ने जैसी शिकायतें सामने आईं।
बोर्ड ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय में सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लापरवाही पर इकाइयों के संचालन पर रोक लगाने की चेतावनी दी।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि औद्योगिक गतिविधियों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना जरूरी है। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग और तकनीकी मानकों का पालन अनिवार्य है।