रुद्रपुर में प्रेस वार्ता करते यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर।
- फोटो : RUDRAPUR
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने कहा है कि किसानों के खेत की मिट्टी से दिल्ली में शहीद स्मारक पार्क बनाया जाएगा। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों की खेत से एक मुट्ठी मिट्टी लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में पहुंचाएंगे। ऊधमसिंह नगर में इसकी शुरुआत रुद्रपुर में पोस्टर लांच कर की गई है।
बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में भुल्लर ने कहा कि तीनों कृषि कानूनों को वापस करने की मांग को लेकर देशभर के किसान दिल्ली की सीमाओं पर पिछले 57 दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान अब तक 70 से अधिक किसान शहीद हो चुके हैं। इसके बावजूद केंद्र सरकार कृषि कानूनों को वापस करने के पक्ष में नजर नहीं आ रही है।
भुल्लर ने कहा कि शहीद किसानों को श्रद्धांजलि देने के लिए यूथ कांग्रेस पूरे प्रदेश में अभियान चला रही है। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता सभी किसानों के खेत में जाकर एक मुट्ठी मिट्टी एकत्र करेंगे। मिट्टी को कांग्रेस के दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में पहुंचाया जाएगा। वहां इससे शहीद स्मारक पार्क बनाया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा, अरुण पांडे, दलीप अधिकारी थे।