2000 के दशक में रुद्रपुर में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे मुलायम सिंह यादव के साथ आरपीएस रावत व अन्य
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। दिवंगत मुलायम सिंह यादव के संबंधी आरपीएफ के रिटायर डीएसपी आरपीएस रावत ने उनके निधन पर दुख जताते हुए उनकी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि नेता जी चाहते थे कि उत्तराखंड केंद्र शासित प्रदेश बने और जब इसका विकास हो जाए तब इसे अलग राज्य का दर्जा मिले। उन्होंने बताया कि मुलायम सिंह उत्तराखंड के विकास के पक्षधर थे। उनके पास प्रदेश के विकास का विराट विजन था। रक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने नियम पास किया था कि फौजी के निधन पर उनका शव तिरंगे में लपेटकर लाया जाएगा।
अखिलेश यादव की पत्नी और मुलायम सिंह यादव की बहू डिंपल यादव के मामा आरपीएस रावत मूलरूप से पौड़ी गढ़वाल के सिसई गांव के रहने वाले हैं। वह रेलवे पुलिस फोर्स में डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस के पद से रिटायर हैं और इस समय काशीपुर के कुंडेश्वरी में रह रहे हैं। डिंपल के पिता रिटायर्ड कर्नल आरसीएस रावत अब मय परिवार लखनऊ शिफ्ट हो गए हैं। आरपीएस रावत 2000 के दशक में सपा के कुमाऊं प्रभारी भी रहे हैं।
नौकरी से वीआरएस लेने के बाद उन्होंने लगभग पांच साल राजनीति को दिए फिर इससे विदा ले ली। मुलायम सिंह यादव से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए रावत भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ में नैनी सैनी हवाई अड्डे की स्थापना के लिए मुलायम सिंह ने काफी पैरवी की थी। यह हवाई अड्डा उनकी पैरवी की ही देन है। मुलायम सिंह की याददाश्त के सभी कायल थे। सालों बाद भी मिलने पर वह अपने कार्यकर्ता को नाम लेकर पुकारते थे। नेता जी ने जिसे अपना मान लिया, उसे मान लिया, फिर अपनापन निभाते भी थे।