सितारगंज। बार एसोसिएशन के नोटिस का जवाब न देने के आरोप में महेंद्र चौधरी को सचिव पद के साथ बार की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया। सितारगंज बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दयानंद सिंह ने बताया कि 19 जुलाई को आयोजित बार एसोसिएशन की आम सभा में सचिव महेंद्र चौधरी को एजेंडा रजिस्टर, कार्यवाही रजिस्टर और प्रति अधिवक्ता द्वारा जमा की गई धनराशि के साथ कैबिनेट मंत्री की ओर से दी गई धनराशि के खर्च का हिसाब-किताब प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया था।
सप्ताह बीत जाने के बाद भी उनकी ओर से नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके साथ ही उन्होंने मीटिंग का बहिष्कार कर फोन उठाना भी बंद कर दिया। इस पर उनके निष्कासन की कार्यवाही अमल में लाई गई। उन्होंने बताया कि निष्कासन की कार्यवाही में सात सदस्यों में छह सदस्यों ने अपनी सहमति दी जबकि एक सदस्य ने सहमति नहीं दी। बहुमत के आधार पर निर्णय लेते हुए महेंद्र चौधरी को बार एसोसिएशन सितारगंज के सचिव पद के साथ बार एसोसिएशन की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।