रुद्रपुर कलेक्ट्रेट में गरीब बस्ती मोर्चा के प्रत्याशियों के साथ भाजपा नेता दलीप अधिकारी।
- फोटो : amar ujala
सत्तारूढ़ भाजपा में मेयर के बाद पार्षदों के टिकट वितरण को लेकर असंतोष फूट पड़ा है। पूर्व सभासद दिलीप अधिकारी ने जिलाध्यक्ष पर टिकट वितरण में मनमानी का आरोप लगाते हुए ‘गरीब बस्ती आजाद मोर्चा’ का गठन कर सात वार्डों में प्रत्याशी उतारकर उनका नामांकन भी कराया।
दो बार सभासद रह चुके और विधायक राजकुमार ठुकराल के करीबी माने जाने वाले दिलीप अधिकारी मंगलवार को प्रत्याशियों का नामांकन कराने कलक्ट्रेट पहुंचे। दिलीप ने कहा कि सोशल मीडिया में प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करने वाले व्यक्ति को ही मेयर का प्रत्याशी बना दिया।
वे भाजपा के नहीं, जिलाध्यक्ष के खिलाफ हैं। उन्होंने वार्ड एक से सचिन छाबड़ा, दो से महेंद्र पाल, तीन से मनोज दास, सात से गिरधर, आठ से विनेश, नौ से शिवकुमार और वार्ड 10 से डॉ. शंकर सरकार का नामांकन दाखिल करवाया है।
दिलीप की नाराजगी इतनी ज्यादा है कि भगवा पटके के बजाय उन्होंने गुलाबी रंग का पटका और पगड़ी पहनना बेहतर समझा। पूर्व सभासद ने खुद को भाजपा का कट्टर समर्थक करार देते हुए पार्टी नहीं छोड़ने की बात भी कही।
दिलीप अधिकारी वार्ड नंबर दो से लगातार 15 वर्ष से सभासद और पार्षद रहे हैं। नए परिसीमन में वार्ड दो से छह वार्ड बन गए हैं। दिलीप के कहने पर एक भी टिकट नहीं दिया गया। यह मेरे लिए भी बहुत दुखदायी है।
राजकुमार ठुकराल, भाजपा विधायक।
जिन लोगों को टिकट नहीं मिलता है, उनका नाराज होना स्वाभाविक है। नाराज लोगों को मना लिया जाएगा।
शिव अरोरा, जिलाध्यक्ष, भाजपा।