काशीपुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव के चलते पुलिस टीमों ने कोविड कर्फ्यू के दौरान बाहर निकले लोगों के चालान काटे। इस दौरान पुलिस ने सड़कों पर घूम रहे लोगो को फटकार कर दौड़ाया। लॉकडाउन के चलते जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए बाजारों में बुधवार को भी काफी लोग घरों से निकले।
बाजारों में भीड़ की सूचना पर एएसपी प्रमोद कुमार, कोतवाल संजय पाठक, सीपीयू प्रभारी पवन भारद्वाज और ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने मुख्य बाजार, एमपी चौक, चीमा चौराहा आदि स्थानों पर चैकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दुकानदारों के अलावा वाहन चालकों और कर्फ्यू का उल्लंघन करने वाले लोगों से जुर्माना वसूला गया। अचानक हुई पुलिस की कार्रवाई से लोगों में अफरातफरी मच गई।
आननफानन दुकानदारों ने शटर गिरा दिए। एएसपी प्रमोद कुमार ने लोगों से कर्फ्यू का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए है। वहीं अग्निशमन अधिकारी गिरीश सिंह बिष्ट ने अपनी टीम के साथ कोविड अस्पतालों का निरीक्षण कर वहां आग बुझाने के संशाधनों के बारेे में जानकारी जुटाई। उन्होंने कोविड अस्पतालों में अग्निशमन के सभी जरूरी उपाय करने की हिदायत अस्पताल संचालकों को दी।