दीपावली पर हुड़दंगियों पर पुलिस की पैनी नजर
- फोटो : अमर उजाला
दीपावली पर जश्न की आड़ में हुड़दंग करने, माहौल बिगाड़ने और शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। त्योहार के दौरान बाजारों और शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में किसी भी तरह की अराजकता रोकने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।
शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ कंट्रोल रूम से भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। एसएसपी अजय गणपति ने अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दीपावली के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाए। सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, विवाद, मारपीट और लोगों की आवाजाही में बाधा डालने वालों को चिह्नित कर तत्काल कार्रवाई की जाए। खासकर रात के समय बेवजह घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और अराजक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस को बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त करने के साथ ही भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने को कहा गया है। कंट्रोल रूम से वायरलेस के जरिए फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए जाएंगे। किसी भी स्थान पर विवाद या अव्यवस्था की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस टीम पहुंचकर स्थिति संभालेगी। पुलिस का जोर त्योहार के उल्लास के बीच आमजन की सुरक्षा और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर है।