ट्रकों और छोटे वाहनों से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्य पुलिस के हत्थे चड़े है। पुलिस ने तीनों से चोरी की बैट्रियों सहित अन्य सामान बरामद कर मुकदमा दर्ज करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया है।
आदर्श कालोनी निवासी राजकुमार ने कुछ दिन पूर्व कोतवाली पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया था कि वह किसी काम से काशीपुर रोड पर गए थे। काम करने के दौरान ही उन्होंने अपनी स्कॉर्पियोे कार को एक गली में खड़ा किया था। काम खत्म होने पर जब वह वापस कार के पास आए, तो अज्ञात चोरों ने उनकी कार से बैटरी और अन्य सामान चुरा लिया था।
राजकुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी धरपकड़ शुरू कर दी। बृहस्पतिवार देर रात मुखबिर ने काशीपुर रोड पर गश्त कर रही पुलिस को सूचना दी कि गाड़ियों से बैट्रियां चुराने वाले तीन लोग गाबा चौक पर चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद गाबा चौक से शिमला पिस्तौर निवासी स्वरूप कुमार, भूरारानी निवासी राजकुमार और आदर्श कॉलोनी निवासी गौतम राय को संदिग्ध पाकर हिरासत में ले लिया।
कोतवाली लाने पर जब पुलिस ने तीनों से सख्ती से पूछताछ की तो तीनों ने राजकुमार की स्कार्पियो कार से बैटरी चुराने की बात कबूली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके पास से गाड़ियों की दो बैट्री, एक जैक रॉड और एक पाना बरामद कर लिया। फिलहाल पुुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।