जसपुर। आगामी पर्व को लेकर पुलिस फोर्स ने नगर में फ्लैग मार्च किया। इसके जरिए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। आगामी कुछ दिनों में कांवड़ यात्रा, शिवरात्रि एवं रमजान का महीना शुरू होने वाला है। इन्हीं पर्व की तैयारियों को लेकर दोनों ही समुदाय के लोग खरीदारी में जुटे हैं। इससे बाजार एवं मोहल्लों में भीड़ है। बुधवार को कोतवाल राजेंद्र सिंह डांगी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने पैरामिलिट्री फोर्स के साथ नगर के मुख्य मार्ग आदि क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। कोतवाल ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से लोगों को सूचित कर दिया गया है यदि किसी भी समुदाय के लोगों ने शांति व्यवस्था में खलल पैदा की तो उसकी खैर नहीं होगी। दोनों समुदाय आपसी सौहार्द के साथ त्योहार को मनाएं। वहां एसएसआई जावेद मलिक, एसआई सुशील कुमार, हरीश आर्य, रुचिका चौहान, इंदर सिंह ढेला, संतोष देवरानी आदि थे।