बाबा तरसेम सिंह हत्याकांड के आरोपी और शूटर सरबजीत सिंह एक साल से पुलिस को चकमा दे रहा था। इस दौरान उसने न केवल कई ठिकाने बदले, बल्कि पहचान छिपाने के लिए कई बार हुलिया भी बदला। 28 मार्च 2024 को नानकमत्ता में बाबा तरसेम सिंह की हत्या करने के बाद शूटर अमरजीत सिंह उर्फ बिट्टू और सरबजीत सिंह बाइक से भाग निकले थे। अप्रैल 2024 में हरिद्वार में बिट्टू का एनकाउंटर हो गया, जबकि सर्बजीत भूमिगत हो गया था। उस पर पहले 50000, फिर एक लाख और उसके बाद दो लाख रुपये का इनाम रखा गया था।
एक साल में हत्थे चढ़ा हत्यारोपी
तरसेम सिंह हत्याकांड में एक साल से पुलिस को चकमा दे रहे सरबजीत सिंह को बुधवार को पंजाब से हुई गिरफ्तारी पुलिस के लिए बहुत बड़ी सफलता है। पुलिस अब इस हत्याकांड से जुड़े कुछ और षड्यंत्रकारियों तक पहुंच सकती है।सरबजीत की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण थी। उसने सोशल मीडिया पर अपनी गलत लोकेशन से पुलिस की जांच को कई बार प्रभावित करने का प्रयास किया। उसके विदेश भागने की भी कई बार चर्चा हुई।
सोशल मीडिया अकाउंट में ली थी हत्या की जिम्मेदारी
सरबजीत के सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट कर हत्याकांड की जिम्मेदारी ली गई थी। पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की बात कही थी। वारदात के दूसरे दिन सरबजीत सिंह मियां विंड के नाम से बने सोशल मीडिया अकाउंट से जारी पोस्ट ने सनसनी फैला दी थी। इसमें सरबजीत ने बाबा तरसेम की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। पोस्ट में लोकेशन बांग्लादेश के ढाका स्थित गुरुद्वारा नानकशाही की दी गई थी। इसमें दावा किया गया था कि वह खुद अकाल तख्त साहिब के सामने पेश होगा। यह पोस्ट सरबजीत ने की थी या किसी और ने, यह स्पष्ट नहीं हो सका था।
वारदात को ऐसे दिया था अंजाम
28 मार्च 2024 की सुबह 6:15 बजे सरबजीत सिंह अपने साथी अमरजीत सिंह के साथ बाइक से डेरा कार सेवा में घुसा। सरबजीत बाइक चला रहा था जबकि बाबा को गोली अमरजीत ने मारी। घटना के वक्त बाबा परिसर में कुर्सी पर बैठे थे। 8 अप्रैल 2024 को अमरजीत सिंह को उत्तराखंड एसटीएफ और हरिद्वार पुलिस ने एनकाउंटर कर मार गिराया लेकिन सरबजीत सिंह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। अमरजीत की मौत के चलते सरबजीत के ठिकानों के बारे में अधिक जानकारी नहीं मिल सकी थी लेकिन एसएसपी के नेतृत्व में उत्तराखंड पुलिस ने दो लाख के इनामी मियां मिड जिला तरनतारन (पंजाब) निवासी सरबजीत को हत्याकांड के एक साल बाद गिरफ्तार कर ही लिया।