पंजाब नेशनल बैंक की सिविल लाइन स्थित मुख्य शाखा में मंगलवार तड़के सर्किट से आग भड़क गई। अग्निकांड बैंक के कई कंप्यूटर, एलईडी, एसी सहित लाखों का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को काबू किया।
सिविल लाइन में जनता इंटर कालेज के सामने मनोज के भवन में पीएनबी की शाखा है। तड़के करीब तीन बजे भवन स्वामी ने बैंक से धुआं उठता देखा तो उन्होंने इसकी सूचना दमकल और पुलिस विभाग को दी। सूचना पर दमकल वाहन और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग को काबू किया।
तब तक बैंक में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो चुका था। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। सूचना पर बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक महेश खुराना भी मौके पर पहुंच गए। बैंक प्रबंधक के अनुसार अग्निकांड में 22 कंप्यूटर, आठ एसी, एलईडी, चेक ड्राप बॉक्स, टोकन मशीन, नोट गिनने वाली मशीन, छह केवी और तीन केवी का एक-एक यूपीएस, बैटरे और फर्नीचर जलकर राख हो गया। बैंक प्रबंधक के अनुसार अग्निकांड में करीब 50 लाख की क्षति का अनुमान है। बैंक प्रबंधक ने अग्निकांड की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी है।
्