काशीपुर। आईटीआई थाना क्षेत्र में एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते घर में फंदे पर झूल कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जसपुर खुर्द सांई धाम कॉलोनी निवासी सुभाष चन्द्र (40) पुत्र मुरारी लाल रविवार सुबह अज्ञात कारणों के चलते घर के कमरे में फंदे पर झूल गया। परिजनों के मुताबिक सुभाष चंद्र सुबह लगभग नौ बजे घर के एक कमरे में दरवाजा अंदर से बंद कर छत के कुंड़े से लटक गया। परिजन आनन-फानन में उसे फंदे से उतार कर बाजपुर रोड स्थित एक निजी हॉस्पिटल ले गए। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन सुभाष के शव को घर लेकर आ गए और पूर्व पार्षद अनिल कुमार को जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का निरीक्षण किया। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि सुभाष प्लंबर का काम करता था। उसका अपने भाई से हरियालवाला में एक मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया कि रविवार सुबह वह सस्ता गल्ला दुकान से राशन लाया और बच्चों को चीज दिलाकर लाया था। इसके बाद ऐसा क्या हुआ कि उसने एकाएक ऐसा आत्मघाती कदम उठा लिया। मृतक सुभाष चन्द्र अपने पीछे दो बेटी व एक बेटा व पत्नी को रोता-बिलखता छोड़ गया है।