काशीपुर कारगिल शहीद पार्क में पौधरोपण करती मेयर, एसडीएम व अन्य।
- फोटो : KASHIPUR
शहर में स्थापित निगम के अधीन पार्कों की दशा अब सुधरने के आसार हैं। पार्क की बदहाली पर खबर छापने के बाद अब निगम ने पार्कों की सुध लेनी शुरू कर दी है। 23 जून के अंक में अमर उजाला ने निगम परिसर में स्थित शहीद पार्क की स्थिति पर प्रमुखता से खबर छापी थी जिसके बाद बुधवार को निगम ने एचडीएफसी बैंक के सहयोग से पार्क में पौधरोपण किया।
निगम परिसर में लंबे समय से शहीद पार्क स्थापित है। कुछ समय पूर्व पार्क का नाम बदलकर कारगिल शहीद पार्क रखा गया था। इसके अतिरिक्त शहर में और भी कई पार्क हैं। पार्कों के रखरखाव के लिए निगम माली रखता है और लाखों का बजट भी खर्च करता है। इसके बाद भी पार्कों का सही से रखरखाव नहीं हो पाता। निगम परिसर में बना कारगिल शहीद पार्क भी रखरखाव के अभाव में बदहाल हो गया।
कुछ पार्षदों ने पार्क की बदहाली के संबंध में मेयर से वार्ता भी की थी लेकिन उसके बाद भी पार्क का रखरखाव नहीं किया गया था। अमर उजाला ने पार्क की बदहाल स्थिति पर खबर प्रकाशित की थी जिसे गंभीरता से लेते हुए बुधवार शाम को ही मेयर ऊषा चौधरी और एसडीएम आकांक्षा वर्मा ने एचडीएफसी बैंक के साथ मिलकर पार्क में पौधरोपण किया।
जल्द ही निगम प्रबंधन पार्क की चहारदीवारी और इसके अंदर बनी सड़कों को ठीक करने की कवायद भी शुरू करेगा। पौधरोपण कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद गांधार अग्रवाल, सहायक नगर आयुक्त, आलोक उनियाल, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक अमित आदि थे।