काशीपुर एलडी भट्ट अस्पताल में आक्सीजन प्लांट के लिए तैयार प्लांट हाउस।
- फोटो : KASHIPUR
एलडी भट्ट सरकारी अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगना है। प्लांट के लिए हाउस तैयार हो चुका है लेकिन अभी जनरेटर का इंतजार है। इधर कोरोना की तीसरी लहर की आशंका भी जताई जा रही है लेकिन अस्पताल प्रशासन को पता नहीं कि प्लांट में कब से ऑक्सीजन तैयार होनी शुरू हो जाएगी।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में मरीजों को ऑक्सीजन की आवश्यकता हुई। इसे देखते हुए एलडी भट्ट सरकारी अस्पताल में डीआरडीओ के सहयोग से एक ऑक्सीजन प्लांट लगाने का निर्णय लिया गया। दो मई से डीआरडीओ ने ऑक्सीजन प्लांट के लिए अस्पताल परिसर में प्लांट हाउस का निर्माण कार्य शुरू कराया। 15 दिन के भीतर प्लांट हाउस बनकर तैयार भी हो गया। बिजली का कनेक्शन भी यहां लगाया जा चुका है।
शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय, परिवहन मंत्री यशपाल आर्य, कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल और डीएम ने भी निर्माणाधीन प्लांट का निरीक्षण किया लेकिन अब तक प्लांट चालू नहीं हो सका। यहां डीआरडीओ का कोई अधिकारी नहीं बैठता और न ही अस्पताल प्रशासन को इसकी जानकारी है कि कब तक प्लांट चालू हो पाएगा। सीएमओ डॉ. देवेंद्र पंचपाल ने बताया कि ऑक्सीजन जनरेटर कब तक उपलब्ध हो पाएगा इसकी जानकारी नहीं है।
फिलहाल इतना पता है कि जनरेटर का आर्डर दिया गया है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. पीके सिन्हा ने बताया कि डीआरडीओ ने अभी इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी है। निर्माण का जो काम अस्पताल प्रबंधन को सौंपा था वह पूरा हो गया है। इधर विश्व स्वास्थ्य संगठन कोरोना की तीसरी लहर की आशंका भी जता रहा है जिसके चलते ऑक्सीजन प्लांट को जल्द चालू करने की जरूरत है। इसमें देरी होने और तीसरी लहर के आने से समस्या और गंभीर हो सकती है।