रुद्रपुर। मंडलायुक्त एवं अध्यक्ष जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण दीपक रावत की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला विकास प्राधिकरण की 17वीं बोर्ड बैठक हुई। इसमें 10 में से नौ प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। बैठक में रुद्रपुर में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट निर्माण की स्वीकृति दी गई, जिसमें महिला स्वच्छक ही तैनात होगी। इसके अलावा इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए कमर्शियल भवनों में चार्जिंग स्टेशन को अनिवार्य किया गया।
बोर्ड बैठक में प्राधिकरण के वर्तमान कार्य क्षेत्र व योजनाओं के अधिक प्रभावी ढंग से संचालन के लिए 12 श्रेणियों में 30 पदों पर बाह्य स्रोत के माध्यम से नियुक्ति का प्रस्ताव पास किया गया। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के आय-व्यय का अनुमोदन किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत ग्राम बागवाला में 1872 ईडब्ल्यूएस भवनों के लिए आवासीय भू-उपयोग परिवर्तन के लिए स्वीकृति के साथ ही अग्रिम कार्यवाही करने के निर्देश दिए। दूर-संचार सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के अंतर्गत प्राधिकरण नक्शा पास होने तथा संरचना निर्माण कार्य सुरक्षात्मक दृष्टि से होने की भी जांच करेगा ग्राम सांडखेड़ा काशीपुर में आईओसीएल के फिलिंग स्टेशन निर्माण की स्वीकृति और खटीमा-टनकपुर तिराहे से फायबर फैक्ट्री की ओर रोड पर लगी स्ट्रीट लाइटों के अनुरक्षण आदि की स्वीकृति दी गई। मोनार्ड इंडस्ट्रीज की ओर ग्राम चकरपुर, बाजपुर में कृषि आधारित उद्योग लगाए जाने के लिए पहुंच मार्ग से संबंधित छूट प्रदान की गई।
वहां पर डीएम युगल किशोर पंत, सीडीओ विशाल मिश्रा, उपाध्यक्ष जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण हरीश चन्द्र कांडपाल, प्रशिक्षु आईएएस अनामिका, मुख्य कोषाधिकारी डॉ.पंकज कुमार शुक्ल, एनएस नबियाल, विवेक राय आदि थे।
गांधी के पार्क के सौंदर्यीकरण के दिए निर्देश
रुद्रपुर। बोर्ड बैठक के बाद मंडलायुक्त दीपक रावत ने बागवाला में पीएम आवास योजनांतर्गत चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पानी की निकासी के लिए उचित ड्रेनेज सिस्टम बनाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य को समयबद्धता और गुणवत्ता से पूरा कराने के लिए कहा। मंडलायुक्त ने गांधी पार्क का निरीक्षण कर पार्क के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्र व स्कूलों में लगेंगी सेनेटरी पैड की वेंडिंग मशीन
रुद्रपुर। जिले के 500 आंगनबाड़ी केंद्रों व स्कूलों में जल्द सेनेटरी पैड की वेंडिंग मशीन लगाई जाएंगी। इससे किशोरियों और महिलाओं को कम दामों में पैड मिल सकेंगे। वेंडिंग मशीन में पांच रुपये डालने पर दो पैड निकलेंगे।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से मेरी सहेली वेंडिंग मशीन की शुरूआत की जा रही है। इसके तहत पहले चरण में आंगनबाड़ी केंद्रों व स्कूलों में वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस पर सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन की शुरूआत मंत्री रेखा आर्या ने कर दी है। शासन के निर्देश पर बाल विकास परियोजना कार्यालय की ओर से वेंडिंग मशीनें लगाने को लेकर सूची मांगी जाएगी। उसके बाद महिलाओं के पहुंच वाले क्षेत्रों में वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी।