रुद्रपुर के गाबा चौक पर गौ रक्षा दल के सदस्यों ने बृहस्पतिवार सुबह मांस से भरी पिकअप रोक ली। वाहन से करीब छह क्विंटल मांस बरामद हुआ। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। मांस के गोमांस होने की पुष्टि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी।
रुद्रपुर के गाबा चौक पर बृहस्पतिवार सुबह गौ रक्षा दल के सदस्यों ने मांस से भरी पिकअप रोक ली। वाहन से करीब छह क्विंटल मांस बरामद हुआ है। गोमांस होने की आशंका पर सदस्यों ने हंगामा किया और पिकअप में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन कब्जे में लेने के साथ दो लोगों को हिरासत में लिया। मांस के गोमांस होने की पुष्टि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी।
विज्ञापन
गौ रक्षा दल को क्षेत्र में मांस की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद सदस्यों ने गाबा चौक पर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान गदरपुर की ओर से आ रही पिकअप को रोक लिया गया। सूचना पर आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी प्रदीप पंत पुलिस टीम के साथ पहुंचे। गोवंश स्क्वाड कुमाऊं की टीम भी मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान मोहम्मद शरीफ निवासी दरऊ और यासीन निवासी छिनकी, किच्छा के रूप में हुई है। पशु चिकित्सक ने मांस का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। सीओ विभव सैनी ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।