रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले में बाहरी राज्यों से आकर सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के मामले में डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने जांच बैठा दी है। जिले की सभी तहसीलों में पिछले पांच सालों में जारी हुए निवास प्रमाण पत्रों की जांच की जाएगी।
सोमवार को अमर उजाला ने उत्तराखंड के लोगों का हक का घर व अनाज हड़प गए अपात्र शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इस खबर का संज्ञान लेते हुए सोमवार को डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों की बैठक बुलाई। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में पिछले पांच वर्षों में जारी किए गए स्थायी निवास प्रमाणपत्रों की जांच की जाए। फर्जी प्रमाणपत्र मिलने पर निरस्त कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। डीएम ने बताया कि पिछले दिनों कुमाऊं आयुक्त ने बनभूलपुरा (हल्द्वानी) के एक ग्राहक सेवा केंद्र में छापा मारकर फर्जी अभिलेखों के आधार पर अवैध रूप से स्थायी निवास प्रमाणपत्र जारी करने का मामला पकड़ा था। इस प्रकरण का भी संज्ञान लिया गया है।