रुद्रपुर। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत दशकों बाद बुक्सा और वनराजि समुदाय के दिन बहुरने लगे हैं। अभियान के तहत जिले में अब तक 824 परिवारों को पक्की छत नसीब हो गई है। अब इन परिवारों को गर्मी, बरसात और ठंड में दुश्वारियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
योजना के तहत जिले में जनजाति समुदायों का सर्वे कराया गया। बाजपुर, गदरपुर और काशीपुर में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार मिले, जो मुफलिसी में जी रहे थे। केंद्र सरकार ने पीएम जनमन के तहत इन परिवारों के लिए आवास की व्यवस्था की। पहली बार केवल जनजाति समुदाय के लिए चली योजना का इन परिवारों को भरपूर लाभ मिला।