बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिला उद्योग केंद्र में फरियादियों के लिए प्रवेश वर्जित कर दिया गया है। गेट पर चस्पा किए गए मोबाइल नंबरों को डायल करने के बाद कर्मचारी गेट पर आकर फरियादियों की समस्या सुन रहे हैं जबकि एआरटीओ कार्यालय में बाहरी लोगों को अंदर जाने की अनुमति नहीं मिल रही है।
तेजी से फैल रहे कोरोना के बाद शासन की ओर से गाइडलाइन का पालन करते हुए जिला उद्योग केंद्र का गेट बंद कर दिया गया है। साथ ही गेट के बगल में डाक पेटी भी बनाई गई है। अन्य सरकारी विभागों से आने वाले डाक पत्रों को कर्मचारी डाक पेटी में डालकर चले जा रहे हैं। गेट पर ही जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, प्रबंधक समेत 11 कर्मचारियों के मोबाइल नंबर चस्पा कर दिए हैं। जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक ओपी भट्ट ने बताया कि कार्यालय को समय-समय पर सैनिटाइज किया जा रहा है। इधर, एआरटीओ कार्यालय में अधिकांश कार्य बाहर के काउंटर पर ही हुए। कार्यालय का मुख्य गेट पर ताला लगाया गया। महत्वपूर्ण कार्य होने पर अधिकारियों की अनुमति के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है।
रुद्रपुर। काशीपुर और रुद्रपुर स्टेडियम में 15 अप्रैल से खिलाड़ियों के लिए शुरू होने वाले विभिन्न खेल प्रशिक्षणों में कोरोना संक्रमण का दोबारा ग्रहण लग सकता है। जिला प्रशासन की ओर से खेल विभाग को अभी तक खेल प्रशिक्षण कराने की अनुमति नहीं मिली है। काशीपुर स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) को तीन हफ्ते के लिए बंद कर दिया गया है। 51 खिलाड़ी घर को रवाना हो चुके हैं।
खेल विभाग की ओर से सत्र 2021-22 के नए खेल कैंप 15 अप्रैल से खिलाड़ियों के लिए शुरू होने वाले थे। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से संविदा के 40 खेल प्रशिक्षकों के साक्षात्कार भी लिए गए। जिन्हें 15 अप्रैल से स्टेडियमों में तैनात करना था। जिला क्रीड़ाधिकारी रशिका सिद्दीकी ने बताया कि टास्क फोर्स टीम के निर्णय के बाद ही स्टेडियमों में खेल कैंप शुरू करने के लिए विचार किया जाएगा। इधर, काशीपुर साईं सेंटर की प्रभारी ज्योति साह ने बताया कि लखनऊ केंद्र से निर्देश मिलने के बाद तीन हफ्तों के लिए सेंटर को बंद कर दिया गया है।
बगैर सैंपलिंग पर्यटकों को लेकर भागा बस चालक
रुद्रपुर। दूूसरे राज्यों से आ रहे लोग रामपुर सीमा पर आरटीपीसीआर की सैंपलिंग को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। सैंपलिंग से बचने के जयपुर से आ रहा टूरिस्ट बस चालक सवार पर्यटकों की सैंपलिंग कराए बगैर भाग निकला। सीमा पर तैनात सिपाहियों ने पीछा करते हुए करीब डेढ़ किमी दूर इंदिरा चौक पर बस को रोका। इसके बाद चालक समेत सभी पर्यटकों की सैंपलिंग करवाई।
प्रशासन की सख्ती के बाद रामपुर सीमा पर सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक तीन चरणों में सैंपलिंग हो रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार शाम तक सीमा पर करीब 130 लोगों के सैंपल लिए। कुछ लोग सैंपलिंग से बचते नजर आए। सीमा पर सुबह के समय जयपुर (राजस्थान) से पहुंचे टूरिस्ट बस चालक ने यह कहते हुए स्वयं और पर्यटकों की सैंपलिंग से इनकार कर दिया कि जयपुर में कोरोना संक्रमण नहीं है।
इसी दौरान वह सिपाहियों को बहस में उलझाकर बस लेकर भाग निकला। सिपाहियों ने बस का पीछा करते हुए इंदिरा चौक के पास पकड़ा। बस को रामपुर सीमा पर लाया गया। टीम ने चालक व पर्यटकों की सैंपलिंग करवाई। इसके अलावा हरियाणा से कार में आ रहे कुछ युवकों को सीमा पर पुलिस ने रोका। युवक कार पार्क करने की बात कहकर कार को मोड़ने लगा, इसी बीच मौका पाकर तेजी से रुद्रपुर की तरफ भाग निकला। रामपुर सीमा पर दिनभर इस तरह की घटनाएं होती रहीं।
कोरोना रिपोर्ट का एसएमएस न आने से भी होते रहे विवाद
रुद्रपुर। रामपुर सीमा पर बृहस्पतिवार को कोरोना जांच की एसएमएस रिपोर्ट न आने पर लोगों की स्वास्थ्य कर्मियों के साथ कहासुनी होती रही। लोगों का कहना था कि वह कई बार सैंपलिंग करवा चुके हैं, लेकिन रिपोर्ट का एमएमएस तय समय पर भी नहीं आ रहा है। जिस कारण उन्हें बार-बार सैंपलिंग करवानी पड़ रही है। इसके लिए उन्होंने जिला अस्पताल प्रबंधन को जिम्मेदार बताया।
होम आइसोलेट व्यक्ति बाहर मिला तो टीम भी नपेगी
रुद्रपुर। डीएम रंजना राजगुरू ने कोविड 19 संक्रमण से बचाव को लेकर संबंधित नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि अगर कोई आइसोलेट व्यक्ति बाहर घूमता पाया जाता है तो संबंधित टीम के साथ ही निगरानी टीम पर भी कार्रवाई की जाएगी।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल को निर्देश दिए कि जिले की सभी सीमाओं पर सैंपलिंग बढ़ाई जाए। जिन अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी हरिद्वार कुंभ मेले में लगी है, उनके लौटने पर तत्काल होम आइसोलेट करें और पांच दिन बाद आरटीपीसीआर जांच कराएं। उन्होंने लैबों को 24 घंटे संचालित करने के निर्देश दिए। हाईरिस्क क्षेत्र में शत प्रतिशत टेस्टिंग करना सुनिश्चित करें। वहां पर एसएसपी दलीप सिंह कुंवर, सीडीओ हिमांशु खुराना, यूआईआरडी निदेशक हरीश चंद्र कांडपाल, एडीएम उत्तम सिंह चौहान, जगदीश चंद्र कांडपाल आदि थे।
फोटो 15आरडीपी 03 पी: रुद्रपुर के कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों को निर्देश देतीं डीएम।
स्कूल बंद करने की उठाई मांग
खटीमा। उत्तराखंड एकता मंच कार्यकर्ताओं ने कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामले को देखते हुए शिक्षण संस्थानों को बंद करने की मांग के लिए एसडीएम निर्मला बिष्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। उन्होंने स्थिति सामान्य होने तक स्कूलों को बंद करने की मांग की है। वहां मंच अध्यक्ष कामिल खान, अमानत हुसैन, शादाब सैफी, दर्पण कपूर, आरिफ अंसारी, यासीन कुरैशी आदि थे। (संवाद)
दूसरी डोज लगवाने पहुंचे बुजुर्ग सहमे
रुद्रपुर। देहरादून से कोरोना वैक्सीन की आपूर्ति न होने से बृहस्पतिवार को 45 से 60 वर्ष उम्र तक के लोगों को टीका नहीं लग सका। आक्रोशित लोगों ने सरकार की आम जनता के स्वास्थ्य प्रति जवाबदेही पर सवाल उठाए। उन्होंने सरकार पर भय का माहौल पैदा करने का आरोप भी लगाया।
जिले में कोरोना वैक्सीन कम पड़ने पर बुधवार को दोपहर के बाद कोरोना टीकाकरण नहीं हो सका था। बृहस्पतिवार को लोग दोबारा टीकाकरण की उम्मीद लेकर पहुंचे, लेकिन टीकाकरण केंद्र पर चस्पा आज टीकाकरण न होने की सूचना से उन्हें निराश लौटना पड़ा। इस संबंध में सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल ने कहा कि दूसरी डोज लगवाने पहुंच रहे अधेड़ व बुजुर्ग लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। अब पहले टीके से 42 दिन तक दूसरी डोज लगवाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि देर शाम तक देहरादून से जिले के लिए कोरोना वैक्सीन पहुंच जाएगी।
आज मुझे कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगवानी थी। लेकिन वैक्सीन खत्म हो चुकी है। इस लापरवाही से लोगों में कोरोना वायरस के खिलाफ रोग प्रतिरोधक क्षमता कैसे विकसित होगी।
सुरेंद्र बिष्ट,छतरपुर।
पहला टीका लगवाने के दौरान कहा गया था कि दूसरा टीका 28 दिनों के बाद लगवाया जाएगा। लेकिन अब बुजुर्ग लोगों को दूसरा टीका लगवाने के लिए चक्कर कटवाए जा रहे हैं।
अजय गुप्ता, भदईपुरा।
मैं कल भी रुद्रपुर केंद्र पर वैक्सीन लगवाने आया था, लेकिन दोपहर बाद वैक्सीन खत्म होने से टीका नहीं लग सका है। आज तो वैक्सीन खत्म होने से टीकाकरण ही नहीं हो रहा।
राजीव कुमार, मलिक कॉलोनी।
मैं रुद्रपुर ब्लॉक कार्यालय से दो बार ड्यूटी छोड़कर टीका लगवाने पहुंच चुका हूं। आज मुझे दूसरी डोज लगनी थी, लेकिन दोनों ही बार मुझे निराश होकर बैरंग लौटना पड़ रहा है।
अशोक कुमार, पीआरडी जवान।
गदरपुर सीएचसी में खत्म हुई वैक्सीन
गदरपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो गया है। अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर अंजनी कुमार ने कहा कि कोरोना वैक्सीन समाप्त होने की सूचना सीएमओ कार्यालय को दी जा चुकी है। वैक्सीन मिलने के बाद फिर से टीकाकरण शुरू किया जाएगा। (संवाद)
खटीमा में टीकाकरण केंद्र रहे बंद
खटीमा। विकासखंड के नौ कोविड टीकाकरण केंद्र में वैक्सीन खत्म होने से टीकाकरण कार्य बंद रहा। सूचना के अभाव में टीकाकरण केंद्र पहुंचे लोगों को वापस लौटना पड़ा। नागरिक अस्पताल के प्रभारी कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि बुधवार देर शाम कोरोना टीकाकरण केंद्रों में वैक्सीन खत्म हो गई थी। वैक्सीन पहुंचते ही शुक्रवार को टीकाकरण कार्य शुरू किया जाएगा।(संवाद)
25 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव
खटीमा। नागरिक अस्पताल के प्रभारी कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि 12 अप्रैल को 248 लोगों के कोरोना सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे थे। बृहस्पतिवार को आई जांच रिपोर्ट में 25 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। (संवाद)
कोरोना से 85 वर्षीय वृद्धा की मौत
खटीमा। अमाऊं निवासी 85 वर्षीय मोती बोरा को कोरोना के चलते निधन हो गया। नागरिक अस्पताल के प्रभारी कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि बुधवार की रात्रि अमाऊं निवासी मोती बोरा की बहू रिपोर्ट पॉजिटिव थी। सिंह ने बताया कि मोती बोरा के निधन की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पहुंची। जहां टीम ने मृतका का रैपिड टेस्ट किया तो रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। उन्होंने बताया कि परिवार के अन्य सदस्यों के भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए है। डॉ. सिंह ने बताया कि मृतका महिला का कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया।(संवाद)
तहसील परिसर में मास्क के बाद ही प्रवेश
खटीमा। खटीमा तहसील में मास्क लगाकर ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है, इसके साथ ही रैपिड सैंपलिंग की जा रही है। एसडीएम निर्मला बिष्ट ने आम जनमानस की शिकायत सुनवाई के लिए तहसील गेट पर बॉक्स लगा दिया है। (संवाद)
पंतनगर विवि के पांच विद्यार्थी कोरोना पॉजिटिव
पंतनगर। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में कोरोना संक्रमण में दस्तक दी है। पांच विद्यार्थी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी को अजग-अलग जगह आइसोलेट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विश्वसरैया भवन में 178 छात्रों के सैंपल जांच को लिए हैं। इससे पूर्व भी एक हॉस्टल वार्डन, प्रबंधक और दो विद्यार्थी पॉजिटिव आ चुके हैं। इधर, सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. पूनम त्यागी ने बताया कि विवि प्रशासन की टीम अभी छात्रावासों के भ्रमण पर है, इसके बाद कुलसचिव कार्यालय में मीटिंग होगी। जिसके बाद ही बताया जा सकता है कि कितने छात्र संक्रमित हैं। (संवाद)
फोटो 15 आरडीपी 21पी: पंतनगर के विश्वेसरैया भवन में कैंप लगाकर छात्रों के सैंपल लेती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
काशीपुर में कोरोना से दो बुजुर्गों की मौत
काशीपुर। कोरोना की दूसरी लहर तेज होने से काशीपुर में दो बुजुर्गों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पिछले 24 घंटो के दौरान काशीपुर में 49 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। कोरोना के नोडल अधिकारी डा. अमरजीत सिंह ने बताया कि दस दिन पूर्व परसादी लाल बाग निवासी निवासी 68 वर्षीय व्यक्ति को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कोविड के लक्षण दिखने पर आरटी-पीसीआर जांच में वह पॉजिटिव पाए गए।
14 अप्रैल की देर शाम इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं 05 अप्रैल को आवास विकास निवासी 70 वर्षीय एक बुजुर्ग को बीमारी के चलते एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। वह भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। डॉ. साहनी ने बताया कि एक दिन पूर्व 450 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से 49 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। (संवाद)
किच्छा में 20 कोरोना पॉजिटिव मिले
किच्छा। नगर में 20 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 10 लोग स्थानीय हैंद्घ सीएचसी के ब्लाक कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में 10 लोग बाहरी व 10 लोग स्थानीय की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। (संवाद)
शुक्रवार से लगेगी कोरोना वैक्सीन
किच्छा। डा. आरपी सिंह ने बताया कि बुधवार शाम को कोरोना वैक्सीन का स्टाक खत्म होने के कारण बृहस्पतिवार को सीएचसी में वैक्सीन नही लगी थी। बताया कि बृहस्पतिवार शाम को जिला मुख्यालय से 1500 कोरोना डोज की वैक्सीन सीएचसी पहुंच गई हैं। शुक्रवार से वैक्सीनेशन शुरू किया जाएगा। (संवाद)
कोरोना पॉजिटिव मृतका के परिजनों की सैंपलिंग
शक्तिफार्म। महिला की मृत्यु के बाद उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसके परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों के आरोप के बाद हरकत में आए मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्वास्थ्य टीम को भेजकर मृतका के परिजनों की रैपिड जांच कराई। रैपिड जांच चार परिजनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इस पर अब स्वास्थ्य विभाग ने चारों के आरटीपीसीआर सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
मंगलवार को राजनगर निवासी पूनम सील (38) की जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान कोरोना जांच रिपोर्ट आने से पूर्व ही मृत्यु हो गई थी। मृत्यु के बाद कोरोना जाच रिपोर्ट पॉजिटिव निकलने पर शव का रुद्रपुर में ही अंतिम संस्कार करा दिया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया था कि जांच रिपोर्ट आने के बाद कोविड-19 के तहत श्मशान घाट पर न तो प्रशासन का कोई अधिकारी मौजूद था और न ही उसके परिजनों की कोरोना जांच कराई गई थी। सितारगंज चिकित्साधीक्षक डॉ. राजेश कुमार आर्य ने कहा कि एहतियातन मृतका के परिजनों को एक हफ्ते तक घर में ही रहने एवं कोरोना नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है।
दो दिन से अस्पताल में वैक्सीन का टोटा
सितारगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और उसके कैंपों में पिछले दो दिन से कोविड-19 वैक्सीन का टोटा है। इससे लोगों को वैक्सीन नहीं लग पा रही है। चिकित्साधीक्षक डॉ. राजेश आर्या ने बताया कि देर रात वैक्सीन उपलब्ध होने की उम्मीद है। (संवाद)
-15एसटीजी10पी: शक्तिफार्म में मृतका के आवास पर जानकारी देते उसके परिजन।
जिले में 245 लोग मिले कोरोना संक्रमित
रुद्रपुर। जिले में बृहस्पतिवार को 245 लोग कोरोना संक्रमित मिले। इनमें रुद्रपुर के एक निजी के 14 बच्चे और सरकारी स्कूलों के 23 शिक्षक व विद्यार्थियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमितों को आइसोलेट कर दिया है।
कोरोना जांच के लिए जिलेभर में आरटीपीसीआर के कुल 2588 सैंपल लिए गए। कोविड-19 के जिला नोडल अधिकारी हरेंद्र मलिक ने बताया कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जिले की सीमाओं पर लगातार आरटीपीसीआर की सैंपलिंग की जा रही है।
देर शाम जिले में पहुंची 43 हजार वैक्सीन
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में बृहस्पतिवार देर शाम देहरादून से रुद्रपुर स्थित मंडलीय वैक्सीन भंडार में कोविशील्ड कंपनी की 43 हजार, 600 वैक्सीन पहुंचीं। इसमें से ऊधम सिंह नगर को 25 हजार, नैनीताल जिले को 12 हजार व चंपावत को 6,600 हजार वैक्सीन मिलीं। अब शुक्रवार से सभी टीकाकरण केंद्रों पर पूर्ववत वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके साथ ही शुक्रवार को भी तीनों जिलों के लिए कोरोना वैक्सीन पहुंचने की संभावना है।
जिले में कोरोना वैक्सीन का स्टॉक खत्म होने के कारण बृहस्पतिवार को टीकाकरण नहीं हो सका था। जिस कारण सैकड़ों केंद्रों से बैरंग लौटे। रुद्रपुर स्थित मंडलीय वैक्सीन भंडार में देर शाम देहरादून से तीन जिलों ऊधम सिंह नगर, नैनीताल व चंपावत के लिए कुल 43 हजार 600 वैक्सीन पहुंचीं। चंपावत और नैनीताल के लिए भी वैक्सीन भेज दी गई है। शुक्रवार को भी तीनों जिलों के लिए 46 हजार कोरोना वैक्सीन मिलने की संभावना है। इसमें से ऊधम सिंह नगर को 22 हजार 500, नैनीताल को 16 हजार 500 और चंपावत को सात हजार वैक्सीन मिलने की संभावना है। सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल ने बताया कि शुक्रवार से जिले में सभी टीकाकरण केंद्रों पर पहले की भांति वैक्सीन लगाई जाएगी।
अशोक कुमार, पीआरडी जवान।- फोटो : RUDRAPUR
राजीव कुमार, मलिक कालोनी।- फोटो : RUDRAPUR
अजय गुप्ता, भदईपुरा।- फोटो : RUDRAPUR
सुरेंद्र बिष्ट, छतरपुर।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर में टीकाकरण कक्ष में पसरा सन्नाटा।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज स्थित केंद्र पर चस्पा वैक्सीन न लगने की सूचना।- फोटो : RUDRAPUR
शक्तिफार्म में मृतका के आवास पर जानकारी देते उसके परिजन।- फोटो : SITARGANJ
पंतनगर के विश्वेसरैया भवन में आयोजित कैंप में सैंपल देने के लिए मौजूद छात्र।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों को निर्देश देतीं डीएम डॉ. रंजना राजगुरू।- फोटो : RUDRAPUR
रामपुर सीमा पर यात्री का सैंपल लेता स्वास्थ्य कर्मी।- फोटो : RUDRAPUR
रामपुर सीमा पर यूपी रोडवेज की बस को रोकते सिपाही।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर एआरटीओ कार्यालय गेट पर लगा ताला।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर जिला उद्योग केंद्र का बंद किया गया गेट।- फोटो : RUDRAPUR