बाजपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधमसिंह नगर ने तंबाकू मुक्त देवभूमि अभियान के अंतर्गत तंबाकू नियंत्रण अधिनियम 2003 विषय पर ग्रामीणों को जागरूक किया।
उप जिला चिकित्सालय में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ममता पंत के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बाजपुर दीवानी न्यायालय अपर सिविल जज परितोष ने किया। उन्होंने तंबाकू मुक्त देवभूमि अभियान के अंतर्गत तंबाकू नियंत्रण अधिनियम के बारे में ग्रामीणों को विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस लोगों को तंबाकू के सेवन से होने वाले जानलेवा नुकसान के प्रति जागरूक करने और उन्हें तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करने के लिए मनाया जाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही डॉ. पारुल ने कहा कि तंबाकू के सेवन से कैंसर, फेफड़ों की बीमारी और दिल की बीमारी जैसे गंभीर खतरे पैदा होते हैं। दुनियाभर में तंबाकू से जुड़ी बीमारियों के कारण हर साल लाखों लोगों की मौत हो जाती है, लोगों को इन बीमारियों के प्रति सचेत रहने की जरूरत है। पराविधिक कार्यकर्ता मोहम्मद शहीद ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मिलने वाली निशुल्क विधिक सेवाओं, राष्ट्रीय नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। वहां पराविधिक कार्यकर्ता संगीता, निशा परवीन, बृजबाला शर्मा, ममता शर्मा, शशि गुप्ता, गीता जोशी, शिवानी, अंजलि आदि मौजूद रहे।
31 केएसपी 10 पी.....बाजपुर सरकारी अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में तंबाकू से होने वाली बीमारियों की जानकारी देते डॉ. पारूल। संवाद
(सुनील दिवाकर)