काशीपुर में बीडीसी बैठक को संबोधित करते विधायक हरभजन सिंह चीमा।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। खंड विकास कार्यालय में मंगलवार को हुई बीडीसी की बैठक में राशनकार्ड ऑनलाइन कराने को लेकर एक बीडीसी सदस्य ने हंगामा काटते हुए अपने पद से इस्तीफा देने की चेतावनी दे डाली। पूर्ति निरीक्षक की ओर से ऑनलाइन कार्डों का आंकड़ा बताने के बाद हंगामा शांत हुआ। विधायक हरभजन सिंह चीमा ने लोगों से कोराना टीका लगवाने की अपील की।
ब्लॉक प्रमुख अर्जुन कश्यप की अध्यक्षता व विधायक हरभजन सिंह चीमा, एसडीएम गौरव कुमार, डीडीओ डॉ. महेश कुमार की मौजूदगी में बीडीसी बैठक हुई। बैठक में कुंडेश्वरी के बीडीसी सदस्य धर्मपाल सिंह ने आरोप लगाया कि लोगों को राशन कार्ड ऑनलाइन कराने में परेशानी हो रही है। समस्या का समाधान न होने पर उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने की चेतावनी दी।
इस पर पूर्ति निरीक्षक डॉ. आशुतोष भट्ट ने आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि अब तक 64,500 कार्ड ऑनलाइन हो चुके हैं। एक भी कार्ड ऐसा नहीं है जो ऑनलाइन न हुआ किया गया हो। कुछ लोगों ने सस्ता गल्ला विक्रेता की ओर से समय पर दुकान न खोलने का आरोप लगाया। भट्ट ने कहा कि समय- समय पर दुकानों की चेकिंग होती है अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।
विधायक हरभजन सिंह चीमा ने लोगों से कहा कि अभी कोरोना संक्रमण का खतरा टला नहीं है। सरकारी अस्पतालों में निशुल्क कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। लोग इसका लाभ उठाकर टीका लगवाएं। ग्राम पंचायत गोपीपुरा की प्रधान रीना ने गोपीपुरा मार्ग का निर्माण करने, सड़कों के किनारे से अतिक्रमण हटाने, मकानों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के खुले तारों को ढकने की मांग की।
कार्यक्रम में प्रधान संघ अध्यक्ष चंद्र कांता, कनिष्ट उपप्रमुख अजय कश्यप, खंड विकास अधिकारी सीआर आर्या, आत्मा (एग्रीकल्चर मैनेजमेंट ट्रेनिंग) के अध्यक्ष जसवीर सिंह, एडीओ मोहम्मद अली, सहायक पंचायत अधिकारी जगदीश राणा आदि मौजूद रहे।