बन्नाखेड़ा-बैलपड़ाव सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई। बार-बार मांग के बावजूद सड़क का डामरीकरण न होने से गुस्साए लोगों ने पानी भरे गड्ढों में धान रोपकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सड़क नहीं तो वोट नहीं के नारे भी लगाए।
रविवार को कांग्रेस के पीसीसी सदस्य सुनीता बाजवा के नेतृत्व महिला-पुरूष एकत्र होकर बन्नाखेड़ा-बैलपड़ाव गड्ढे युक्त सड़क पर पहुंचे। एक दशक से सड़क का सुधार न होने से नाराज क्षेत्र के लोगों ने पानी भरे गड्ढों में खड़े होकर प्रदर्शन किया। उसके बाद धान रोपकर विरोध जताया। पीसीसी सदस्य सुनीता ने कहा कि बाजपुर और कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बन्नाखेड़ा-बैलपड़ाव मार्ग की स्थिति बेहद खराब है, जबकि यह नेशनल कॉर्बेट पार्क, श्री हनुमान धाम, रामनगर गर्जिया मंदिर, इंडिया रिजर्व वाहिनी आदि को जाने का महत्वपूर्ण मार्ग है।
बाजपुर और कालाढूंगी के विधायक प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं, जबकि नैनीताल लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट केंद्रीय मंत्री है। इसके बावजूद सड़क का निर्माण नहीं होना भाजपा सरकार का जनता के प्रति संवेदनशील नही होने का जीता जागता उदाहरण है। इस मौके पर मीरा देवी, शकुंतला, कमलेश देवी, मोहनी देवी, बबिता, बनित देवी, भगवानीय, सीता, मानगो देवी, आदि थे। (संवाद)