आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर जसपुर पतरामपुर क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या को दूर करने और अघोषित विद्युत कटौती रोकने की मांग की है। बृहस्पतिवार को कार्यकर्ताओं ने भगवंत रोड स्थित विद्युत स्टेशन पर पहुंचकर अधिशासी अभियंता अजीत यादव को दिए ज्ञापन में कहा कि पतरामपुर क्षेत्र में विद्युत लोड अधिक है। इससे वोल्टेज कम होने के कारण अक्सर फाल्ट होते रहते हैं।
बार-बार बिजली के कट के कारण काश्तकारों की मोटर फुंक जाती हैं और सिंचाई भी रुक जाती है। बिजली कटौती के चलते पतरामपुर और जसपुर क्षेत्र के लोगों को इस भीषण गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पतरामपुर विद्युत स्टेशन पर अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली बिलों को ठीक कराए जाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में सुबा सिंह, सिमरनजीत सिंह, नरेश सागर, सरजीत सिंह, गुरदीप सिंह, बलदेव सिंह, श्याम सिंह, गुरचरण सिंह आदि थे। (संवाद)
बिजली चोरी के 27 मामले पकड़े
काशीपुर। बिजली चोरी रोकने के लिए ऊर्जा निगम की विजिलेंस और स्थानीय टीम ने कई गांवों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता शेखर चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि गर्मी के मौसम में बिजली चोरी बढ़ने की सूचना पर अधिशाषी अभियंता अनिल वर्मा के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने बांसखेड़ा, गुलिड़या, शिवलालपुर अमरझंडा, पैगा, चांदना फार्म में चेकिंग की। 24 से अधिक लोग बिजली मापक से पहले लाइन में कट लगाकर बिजली चोरी करते पकड़े गए। एसडीओ जगपाल सिंह की तहरीर पर पैगा चौकी पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
उधर, ऊर्जा निगम की टीम ने पैगा और चांदना फार्म में बिजली चोरी पकड़ी। ग्राम गुलड़िया, ग्राम पैगा निवासी व शिवलालपुर निवासी लोगों के खिलाफ पैगा चौकी में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसई ने बताया कि बिजली चोरी की शिकायतों के चलते फीडर पर लोड बढ़कर दो गुना तक हो गया है। बिजली चोरी के आरोपियों से धारा 126 के तहत प्रति किलोवाट 30 हजार रुपये की दर से जुर्माना भी वसूला जाएगा। उधर ऊर्जा निगम के एसडीओ शैलेंद्र कुमार सैनी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि बीती शाम उनके नेतृत्व में निगम की टीम ने ग्राम निझड़ा और सीतारामपुर में अभियान चलाया। इस दौरान मापक से पहले कट लगाकर बिजली चोरी करते तीन लोग पकड़े गए। तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।