महंगाई के खिलाफ मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी हैं। जनता के भोजन के अधिकार, शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति सरकार की कोई जवाबदेही नहीं रह गई है।
रुद्रपुर के रंपुरा में एकत्र कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई के चलते आम जनता के घर का बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है। खाद्य पदार्थों के मूल्य आसमान छू रहे हैं। सरकार ने मध्यम वर्ग की कमर तोड़कर रख दी है। सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा गई है। व्यापारी और आम आदमी के सामने भुखमरी जैसे हालत खड़े हो गए हैं। व्यापारी लगातार बाजार खोलने की मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार ना पूरी तरह बाजार खोल रही है और ना ही व्यापारियों को आर्थिक पैकेज दे दे रही है।
सरकार की गलत नीतियों के कारण ही आज पढ़े-लिखे युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि लोग कोरोना मरीजों की मदद के लिए आगे नहीं आते तो आज उत्तराखंड में कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा लाखों में होता। कार्यकर्ताओं ने गलत फैसलों के लिए प्रदेश सरकार से इस्तीफा देने की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार किसान आंदोलन की सुध नहीं ले रही है। देश का अन्नदाता भाजपा को कभी माफ नहीं करेगा। वहां कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, जिला महासचिव मदन खन्ना, संदीप चीमा, सीपी शर्मा, नवाब अली, रिंकू शर्मा, संदीप कुमार, जयदीप गंगवार, विरेंद्र कोली, राकेश कोली, कांति कोली, नत्थू लाल, नंदकिशोर गंगवार आदि थे।