काशीपुर। कारों की बढ़ती कीमत के चलते अब लोगों का रुझान सेकंड हैंड कारों की तरफ ज्यादा आ रहा है। लोग नई गाड़ियों को खरीदने के बजाय अपनी जरूरत अनुसार पुरानी कार खरीदना पसंद कर रहे हैं। ऐसे में पिछले कुछ वर्षों में इस कारोबार में काफी उछाल आया है। काशीपुर में ही हर महीने करीब 100 पुरानी कारें बिक जाती हैं। शहरों के विकास के साथ अब लोगों के लिए कार जरूरत की चीज बन गई है। ऐसे में उनकी पसंद में भी बदलाव देखने को मिल रहे हैं। लोग नई कार खरीदने के बजाय अपने बजट अनुसार पुरानी कारों की ओर रुख कर रहे हैं। इससे उनकी जरूरत भी पूरी हो रही है और अधिक रुपयों का भुगतान भी नहीं करना पड़ रहा है।
श्री लक्ष्मी कार बाजार के संचालक नरेंद्र चौधरी ने बताया कि पिछले पांच सालों में पुरानी कारों की बिक्री में काफी बढ़ोतरी देखने को मिली है। हर महीने करीब सौ कारें काशीपुर में बिक जाती हैं। लोग दस लाख के भीतर सेकंड हैंड कार खरीदना पसंद कर रहे हैं। सबसे ज्यादा मांग इसी रैंज की कारों के लिए आ रही है।
खरीदारों ने बताए पुरानी गाड़ी खरीदने के फायदे
पुरानी कारों के खरीदार जितेंद्र, सुभाष और नितिन ने बताया कि पुरानी कार नई गाड़ी के मुकाबले आधी कीमत पर मिल जाती है, जिसके वजह से बजट संबंधी परेशानी नहीं होती। वहीं नई कार खरीदते समय रजिस्ट्रेशन, रोड टैक्स समेत कई तरह के टैक्स को भरना पड़ता है। जबकि पुरानी कार खरीदने पर केवल रजिस्ट्रेशन ट्रांसफर करवाने का चार्ज भरना पड़ता है। पुरानी कार के लिए अच्छी रिसेल वैल्यू भी मिल जाती है।