बाजपुर। घरेलू गैस सिलिंडर नहीं मिलने से नाराज नागरिकों ने प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। आरोप है कि गैस एजेंसी कार्यालयों पर भीषण गर्मी में कई घंटे कतार में लगने के बाद भी उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल रहा है।
शनिवार को नया सवेरा समिति के संरक्षक अरुण शर्मा, समिति अध्यक्ष प्रमोद राजहंस की अगुवाई में नागरिक एकत्र होकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने घरेलू गैस सिलिंडर वितरण में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन कर एसडीएम डाॅ. अमृता शर्मा को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान समिति अध्यक्ष प्रमोद राजहंस ने कहा कि रसोई गैस की खुलेआम कालाबाजारी की जा रही है। कई-कई दिन तक डीएसी कोड नहीं आ रहे हैं। डीएसी कोड आने पर कैन्सिल कर दिया जाता है। वहां बाजपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट राजेश पांडेय, बंशीधर मिश्रा, यूसुफ अली, उस्मान, दीपू सागर, गौरव कुमार, विकल कुमार, एडवोकेट अजीम अहमद चौधरी, जफर, राजू वाल्मीकि आदि मौजूद रहे। इधर, एसडीएम ने मामले की जांच करवाकर व्यवस्था दुरूस्त करने का आश्वासन दिया है।