एसडीएम को ज्ञापन सौंपते जादौपुर के लोग। संवाद
खटीमा। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे न करवाने और आपदा राहत राशि न देने का आरोप लगाते हुए ग्रामसभा जादौपुर और वार्ड नंबर 18 के लोगों ने एसडीएम और तहसीलदार को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व टीम सर्वे करने में लापरवाही बरत रही है।
ग्रामसभा जादौपुर के लोगों ने एसडीएम रविंद्र बिष्ट को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि बाढ़ का पानी उनके घरों में घुसने से अनाज खराब हो गया और बर्तन व अन्य सामान बह गया। इसके बावजूद पटवारी की ओर से कुछ परिवारों को ही आपदा राहत राशि के चेक वितरित किए गए हैं। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को अहेतुक धनराशि के चेक न मिलने पर कार्यालय के समक्ष धरना देने की चेतावनी दी। इस दौरान रोशनी, रंजीत सिंह, रतन सिंह, रजनी देवी, प्रेमवती, रामकली, रामेश्वरी देवी, अंजू राना आदि थे। इधर, वार्ड नंबर 18 के लोगों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि टीचर काॅलोनी, शारदा विहार, कुर्मांचल काॅलोनी, आदर्श काॅलोनी, सर्कस ग्राउंड आदि में अभी तक 15 प्रतिशत ही सर्वे हो सका है। वार्ड में अभी तक बाढ़ पीड़ितों को राशन किट तक नहीं बांटी गई है। उन्होंने वार्ड में 100 प्रतिशत सर्वे कराने की मांग की। इस दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री रमेश रौतेला आदि थे। संवाद