रुद्रपुर। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के निरीक्षण में दूरस्थ इलाकों के लोगों की सुविधा के लिए खोले गए चार हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बंद मिले। इनमें एक सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) अवकाश पर तो एक के सरकारी कार्य से अन्यत्र जाने की बात सामने आई। दो सीएचओ से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
सोमवार को एसीएमओ डॉ. राजेश कुमार आर्या ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शक्तिफार्म के साथ ही चार हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का औचक निरीक्षण किया। एसीएमओ ने बताया कि पीएचसी शक्तिफार्म में व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। निरीक्षण के दौरान वीरेंद्रनगर, अरविंदनगर, कुंवरपुर सिसैया और देवरिया का हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बंद मिला। मालूम करने का पता चला कि देवरिया के सीएचओ अवकाश पर थे। कुंवरपुर सिसैया के सीएचओ के विभागीय कार्य से उप जिला अस्पताल सितारगंज जाने की बात सामने आई।
बताया कि वीरेंद्रनगर, अरविंदनगर के सीएचओ से स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण में डॉ. पंकज माथुर साथ थे।