पंतनगर। उत्तराखंड शासन के तकनीकी सचिव रंजीत सिन्हा ने जीबी पंत कृषि विवि के टेक काॅलेज की लैब को विश्वस्तरीय बनाने के निर्देश देते हुए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजने के लिए कहा। सचिव ने प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के विभागों के साथ ही छात्रावास का निरीक्षण किया।
शुक्रवार को भ्रमण के दौरान सिन्हा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के पाठ्यक्रम में गैप एनालिसिस करते हुए लैब को विश्वस्तरीय बनाने, इलेक्ट्रिक व्हीकल का उत्कृष्ट संस्थान बनाने के साथ ही छात्रावास की मूलभूत आवश्यकताओं को सुदृढ़ करने के लिए जल्द प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। सिन्हा ने टेक महाविद्यालय के आठों विभागों की लैब का भ्रमण किया और निर्देश दिए कि यहां के प्राध्यापक मौजूदा लैब और आईआईटी की लैबों का अध्ययन करें और देखें कि उनमें क्या अंतर है, उन्हें चिह्नित करने के साथ ही उनका प्रस्ताव बनाकर देने के लिए कहा।
उन्होंने स्टार्टअप और इंटरप्रेन्योरशिप कार्यक्रम शुरू करने के निर्देश दिए। विवि में स्थापित हो रही इलेक्ट्रिक वाहनों की लैब को बड़े स्तर पर विकसित करने की हिदायत देते हुए महाविद्यालय में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की बात कही। उन्होंने छात्रावासों में जलापूर्ति विभाग से आकलन करवाकर कमियों को दूर करने के लिए कहा। उन्होंने महाविद्यालय में चल रहे शोध कार्यों की सराहना करते हुए अधिष्ठात्री डाॅ. अलकनंदा अशोक की प्रशंसा की। इस दौरान डॉ. दीपक कुमार पांडेय, मुकेश पांडेय, डॉ. शैलेंद्र सिंह और विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।