खटीमा। उप जिला अस्पताल में डॉक्टरों की भारी कमी के कारण क्षेत्र में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। उप जिला अस्पताल का दर्जा मिलने के बावजूद यहां डॉक्टरों के सृजित 29 पदों से में 16 पद लंबे समय से रिक्त चल रहे हैं। वर्तमान में सिर्फ 13 डाॅक्टर कार्यरत हैं। ऐसे में मरीजों को महंगे निजी अस्पतालों में उपचार करवाना पड़ रहा है।
वर्ष 2017 में 14.19 करोड़ की लागत से बने खटीमा नागरिक अस्पताल को अब उप जिला अस्पताल का दर्जा मिल चुका है। आईपीएचएस (भारतीय सार्वजनिक स्वास्थ्य मानक) के अनुसार, क्षेत्र की आबादी को देखते हुए डॉक्टरों के पदों की संख्या 29 कर दी गई, लेकिन पदों के सापेक्ष डॉक्टरों की नियुक्ति न होने से लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का पर्याप्त लाभ नहीं मिल पा रहा है। उप जिला अस्पताल रेफरल सेंटर बनता जा रहा है। अस्पताल परिसर में 108 एंबुलेंस व खुशियों की सवारी वाहनों से अधिक निजी एंबुलेंस खड़ी नजर आती हैं।
खटीमा उप जिला अस्पताल में डाॅक्टरों के पद
पदनाम - सृजित पद- तैनात - रिक्त
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक 01 01 00
हड्डी रोग विशेषज्ञ 01 01 00
जनरल सर्जन 02- 00 02
ईएनटी सर्जन 01 00- 01
नेत्र सर्जन 01 00- 01
स्त्री रोग विशेषज्ञ- 02 01 01
रेडियोलॉजिस्ट 01 00 01
ऐनेस्थेटिस्ट 02 02- 00
बाल रोग विशेषज्ञ- 02- 01- 01
चर्म रोग विशेषज्ञ- 01- 00- 01
पैथोलॉजिस्ट- 01- 00- 01
पब्लिक हेल्थ विशेषज्ञ- 01- 00- 01
फॉरेसिंक 01- 00- 01
मनोरोग विशेषज्ञ- 01- 00 - 01
चिकित्साधिकारी- 09 - 05- 04
उप जिला अस्पताल में डॉक्टरों के रिक्त पदों के सापेक्ष नियुक्ति के लिए सीएमओ, स्वास्थ्य महानिदेशक और शासन को पत्र भेजे गए हैं। डॉक्टरों की नियुक्ति का मामला शासन और महानिदेशालय स्तर का है।- डॉ. केसी पंत, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, खटीमा उप जिला अस्पताल।