मिठाई के दुकान में मौजूद हिंदूवादी संगठन के लोग।-संवाद
खटीमा। ग्राहक को बासी मिठाई बेचने के विरोध में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने रविवार को दुकान में हंगामा किया। उनके विरोध पर पुलिस ने दुकान को बंद करा दिया था। शाम के समय खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पहुंचकर मिठाइयों के सैंपल भरे।
सितारगंज मार्ग स्थित मिठाई की दुकान पर एक व्यक्ति ने शनिवार को मिठाई खरीदी थी। उसने मिठाई के बासी होने और फफूंद लगी होने की शिकायत की। जिस पर ग्राहक और दुकानदार में बहस हुई। जिसके बाद ग्राहक ने इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दी। रविवार को हिंदूवादी संगठनों ने इसका विरोध किया तो पुलिस ने दुकान को बंद कर दिया। शिकायत मिलने पर शाम के समय फूड इंस्पेक्टर आशा आर्या और तहसीलदार वीरेंद्र सजवान मौके पर पहुंचे। फूड इंस्पेक्टर आशा आर्या ने बताया कि मिठाई के बासी होने की शिकायत पर सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए फूड लैब में भेज दिया है। वहां पर रंदीप सिंह पोखरिया, पूरन जोशी, प्रदीप ठाकुर, बलवंत कन्याल, हिमांशु तिवारी, कुंदन खड़ायत, मनोज खड़ायत,राजेंद्र पांडेय,प्रेम चंद आदि थे।