काशीपुर। निजी बस संचालकों की मनमर्जी के चलते शहरवासी जाम की समस्या का सामना कर रहे हैं। मुरादाबाद रोड पर चलने वाली निजी बसों के संचालक पुलिस के निर्देशों का पालन तक नहीं कर रहे हैं।
शहरवासियों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पूर्व में एसपी अभय सिंह ने निजी बस संचालकों के लिए स्टॉपेज तय किए थे। तय किया कि मुरादाबाद से काशीपुर तक आने वाली लगभग 50 निजी बसों का संचालन मुरादाबाद रोड स्थित महेशपुरा की पुलिया तक ही होगा। काशीपुर से रामनगर तक जाने वाली 16 बसें महाराणा प्रताप चौक तक ही आएंगी और यहां से वापसी रामनगर को करेंगी। मुरादाबाद वाली बस के चालक महेशपुरा पुलिया पर सवारियों को उतार कर बस को बैक करके मुरादाबाद को रवाना होंगे। मुरादाबाद से आने वाली बस महेशपुरा पुलिया से आगे नहीं जाएगी। कुछ दिन आदेश पटरी पर चलता रहा। अब बस चालक मनमर्जी कर रहे हैं और बसों को रेलवे स्टेशन परिसर से घुमाकर मुरादाबाद वापस जाते हैं। इससे इस मार्ग पर दिन में कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। जबकि टांडा तिराहा पर पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद इन बसों को रोका नहीं जाता है।
निजी बस संचालन देखरेख रहे एक व्यक्ति ने बताया कि कई महीने पहले एसपी ने निजी बसों में सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए थे। मुरादाबाद-काशीपुर के बीच चलने वाली अधिकतर बसों के संचालकों ने इन निर्देशों का भी पालन नहीं किया। यातायात निरीक्षक जितेंद्र पाठक ने बताया कि इस संबंध में जल्द जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले बस चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।