काशीपुर। नर्सिंग अधिकारियों के पद खाली रहने के कारण कार्यरत कर्मियों पर काम का दबाव बना हुआ है। विभाग को सूचना भेजने के बाद भी रिक्त पद नहीं भरे जा सके हैं।
एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में नर्सिंग अधिकारियों के नौ पद लंबे समय से रिक्त हैं। अस्पताल में नर्सिंग अधिकारी (नर्स) के 30 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 21 पदों पर स्टाफ कार्यरत हैं। नर्सों की ड्यूटी प्रसव कक्ष, ओटी, महिला-पुरुष वार्ड, ट्रामा वार्ड आदि क्षेत्रों में लगाई जाती है। ऐसे में कार्यरत 21 स्थायी और पांच संविदा की स्टाफ नर्स कार्य कर रही हैं। साथ ही सहायक मत्रिका (मैटर्न) का पद भी लंबे समय से खाली चल रहा है। वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी इस पद पर कार्य देख रही हैं। नर्सों ने बताया कि कभी-कभी उन्हें अवकाश के लिए एक दूसरे से समन्वय बनाना पड़ता है।
एएनएम की भर्ती हो चुकी है। रिक्त पदों पर नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। इसकी सूचना मुख्यालय भेजी जा रही है।
- डॉ. मनोज शर्मा, सीएमओ, ऊधमसिंह नगर