काशीपुर। शहर के खड़कपुर देवीपुरा स्थित दुर्गा मंदिर में बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे काॅलोनी के लोगों ने पुजारी, उसकी पत्नी और कुछ साथियों पर मंदिर में स्थापित देवी की मूर्ति हटाने के प्रयास का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। लोगों का आरोप है कि ये लोग कुछ भू माफिया के साथ मिलकर मंदिर को बेचने का षडयंत्र कर रहे हैं जबकि पुजारी का कहना था कि वह केवल मूर्ति बदलने का प्रयास कर रहे थे, पुरानी मूर्ति की जगह नई मूर्ति की प्रतिष्ठा की तैयारी है। फिलहाल मामला कुछ लोगों के हस्तक्षेप के बाद शांत हो गया जबकि काॅलोनीवासियों ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर मंदिर को खुर्द-बुर्द होने से बचाने की अपील की है।
खड़कपुर देवीपुरा में स्थित दुर्गा मंदिर में बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे काॅलोनी में किसी ने अफवाह फैला दी कि पुजारी अपनी पत्नी और उनके कुछ साथी मंदिर के द्वार पर पर्दा लगाकर मंदिर में लगी मां दुर्गा की मूर्ति को हटा रहे हैं। इस पर मोहल्ले के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए और मूर्ति हटाने का विरोध करने लगे। लोगों का आरोप था कि पुजारी और उनके साथी मंदिर को खुर्द-बुर्द करना चाह रहे हैं जबकि पुजारी का कहना था कि उनके ऊपर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। वे पुरानी के स्थान पर नई मूर्ति लगाना चाहते हैं। इस पर लोगों ने कहा कि पर्दा लगाकर मूर्ति बदलने की कोई जरूरत नहीं थी, सबको विश्वास में लेकर ही ऐसा किया जाना चाहिए था। मामला बढ़ता देख कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराया। फिलहाल मामला शांत हो गया लेकिन देर रात तक मंदिर के आसपास भारी भीड़ जमा रही। क्षेत्रीय निवासी समाजसेविका सरोज ठाकुर ने बताया कि एसडीएम और कोतवाली प्रभारी को क्षेत्रवासियों ने प्रार्थना पत्र देकर मंदिर को खुर्द-बुर्द होने से बचाने की गुहार लगाई गई है। इस मौके पर सरोज ठाकुर, अमरजीत कश्यप, उमा देवी, ऊषा देवी, जानकी देवी आदि ने कहा कि मंदिर को खुर्द-बुर्द नहीं होने देंगे।
-