काशीपुर। गर्मी के तीखे तेवर से लोग एक बार फिर तंग आने लगे हैं। कुछ दिनों पूर्व मौसम सुहावना होने से लोगों को बड़ी राहत मिली थी लेकिन एक बार फिर तेज गर्मी ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है। शुक्रवार को काशीपुर में गर्मी से लोग परेशान रहे। धूप और उमस के कारण लोग पसीने में भीगे नजर आए। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले तीन से चार दिनों में पारा 40 डिग्री के पार चला जाएगा।