रुद्रपुर। बागवाला से पोल्ट्रीफार्म हटाने की मांग को लेकर लोगों ने धरना देने के साथ ही प्रदर्शन किया। धरने की सूचना पर मौके पर पहुंचे विधायक शिव अरोरा के सामने मामला उठाया। विधायक के हस्तक्षेप के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
रविवार को बागवाला में एकत्र लोगों ने पोल्ट्रीफार्म हटाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। इन लोगों का कहना था कि पोल्ट्रीफार्म की गंदगी से वातावरण दूषित हो रहा है। इससे घरों में रहना मुश्किल हो रहा है। लोग पोल्ट्रीफार्म बंद करने की मांग लेकर धरने पर बैठ गए।
सूचना पर मौके पर पहुंचे विधायक अरोरा को लोगों ने पोल्ट्रीफार्म बंद करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। विधायक ने मौके से ही तहसीलदार दिनेश कुटौला से फोन पर वार्ता कर जन स्वास्थ्य को देखते हुए कमेटी का गठन कर पोल्ट्रीफार्म की जांच करने के निर्देश दिए। कहा कि जांच कमेटी सोमवार को स्थल का निरीक्षण करेगी।
इस मौके पर भगवानपुर के ग्राम प्रधान विनीत सोलंकी, भरत मिश्रा, सुधीर चौधरी, राजीव शुक्ला, राम सिंह, रामजी सिंह, हरजीत सिंह, बंटी त्रिपाठी, कुलदीप सिंह, कुसुम चौधरी, इंदु चौधरी आदि मौजूद थे।