काशीपुर। मां बाल सुंदरी देवी के ऐतिहासिक चैती मेला परिसर में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से निशुल्क रेडक्रॉस चिकित्सा शिविर में मरीजों का इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकों ने बताया कि शिविर में जुकाम, बुखार, पेट दर्द, शरीर दर्द, चोट आदि के मरीज पहुंच रहे हैं। गंभीर अवस्था में आने वाले रोगियों को निकटतम अस्पतालों में रेफर किया जा रहा। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैनात चिकित्सकों की टीम 24 घंटे दवाओं के साथ रोगियों का उपचार कर रही है। 22 मार्च से चल रहे शिविर में अब तक करीब 1500 रोगियों का उपचार किया जा चुका है। सोसायटी सचिव अरुण पंत, सरोज ठाकुर, कौशलेश गुप्ता, डाॅ. अकील हुसैन, डाॅ. चंद्रशेखर, संजीव शर्मा, डाॅ. आशुतोष मिश्रा आदि मौजूद रहे।