सुल्तानपुर पट्टी। सुविधाओं के अभाव में सुल्तानपुर पट्टी के अति प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की हालत लचर बनी हुई है। यहां आने वाले अधिकतर मरीजों को इलाज नहीं मिल पाता और उन्हें बाजपुर या काशीपुर रेफर कर दिया जाता है।
सुल्तानपुर पट्टी के एपीएचसी में महिला चिकित्सकों की कमी के चलते महिलाओं को प्रसव के दौरान परेशानी उठानी पड़ती है। प्रभारी अब्दुल खालिद ने बताया कि अस्पताल में वार्ड बॉय, डाटा ऑपरेटर और सहायक कर्मचारी के पद रिक्त पड़े हैं। इससे डॉक्टरों को काम करने में परेशानियां हो रही हैं।
रोजाना ओपीडी में 150 मरीज आते हैं लेकिन उनके बैठने तक की कोई सुविधा नहीं है। काला पीलिया, कैंसर और ऑपरेशन वाले मरीजों को रुद्रपुर अस्पताल रेफर किया जाता है। कई बार हालात ऐसे हो जाते हैं कि मरीज और डॉक्टर के बीच ही झड़प होने लगती है। प्रभारी खालिद ने कहा कि मामले में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाता है।