रुद्रपुर। शुगर का उपचार कराने रुद्रपुर के निजी अस्पताल पहुंचे बाजपुर निवासी 61 वर्षीय व्यक्ति की मंगलवार शाम मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस से मामले की जांच करने की मांग की।
बाजपुर के बेरिया दौलत निवासी राजपाल सरना को शुगर की परेशानी थी। परिजन उन्हें उपचार के लिए रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में जांच के दौरान उनके खून में संक्रमण होने की बात सामने आई जिसके बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया। परिजनों का आरोप है कि संक्रमण होने के बावजूद मरीज को ब्लड चढ़ाया गया। मंगलवार दोपहर तक राजपाल की हालत सामान्य थी और वह खाना भी खा रहे थे लेकिन शाम को अचानक उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोट:
मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी। - विभव सैनी, सीओ रुद्रपुर