पशुपालन विभाग में कार्यरत जिले भर के पैरावेट्स ने पैरावेट वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले मानदेय व अन्य सुविधाओं सहित छह सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार को कलक्ट्रेट में धरना दिया। उन्होंने जिला प्रशासन के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा। प्रदर्शनकारियों को विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी समर्थन दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वह लंबे समय से पशुपालन विभाग में कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं। उनकी लंबित मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
पैरावेटों ने मानदेय बढ़ाने, भवन किराया, यात्रा भत्ता, फर्नीचर बीमा आदि सुविधायें देने, पशुपालन विभाग के फार्मासिस्ट पदों की भर्ती पर रोक लगाकर पैरावेटों का समायोजन करने, वैक्सीनेटर के पदों को पुनर्जीवित कर पैरावेटों को समायोजित करने, पशुपालन विभाग में पशुधन सहायक के रिक्त पदों पर संविदा में पैरावेटों को कार्यभार सौंपने की मांग की। समर्थन देने पहुंचे विधायक ठुकराल ने कहा कि पैरावेट एसोसिएशन की मांगों को प्रमुखता से शासन तक पहुंचाया जाएगा।
इस दौरान भारत भूषण चुघ, सुधेश कुमार चौहान, पंकज कुमार यादव, पीयूष कुमार, बीसी पाठक, पंकज कुमार, बृजपाल सिंह, कुलदीप रस्तोगी, देव सिंह, इन्द्र सिंह, राकेश कुमार आदि मौजूद थे।