काशीपुर। पश्चिम बंगाल निवासी एक पेपर मिल कर्मी पेपर मिल के लेवर क्वार्टर में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मोर्चरी में रखवाया है।
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले स्थित अलीपुरद्वार उपखंड के ग्राम बैरीगुड़ी निवासी भानुचंद्र डे उर्फ मनोज (50) मुरादाबाद रोड स्थित एक पेपर मिल में मजदूरी करता था। वह अपने साथी मिथुन के साथ मिल के क्वार्टर में रहता था। बीते बृहस्पतिवार को वह ड्यूटी पर नहीं गया था। रात दस बजे मिथुन ड्यूटी खत्म करने क्वार्टर पर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा बंद था। उसने खिड़की से झांककर देखा तो भानुचंद्र दीवार में लगी खूंटी पर बंधी रस्सी के फंदे पर लटका था। सूचना पर पहुंची सूर्या पुलिस चौकी की टीम ने दरवाजा खोलने के बाद फंदे से शव उतारकर कब्जे में लिया।
पेपर मिल के मजदूरों ने बताया कि भानुचंद्र डे ररीब 20 साल से यहां मिल में रहकर मजदूरी करता था। उसके परिजन यहां नहीं आते थे और वह वर्षों से अकेले ही रहता था। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि मृतक के परिजन का मोबाइल नंबर उपलब्ध नहीं है। मृतक के पते के आधार पर पश्चिम बंगाल के संबंधित थाने को सूचना भेजी जाएगी ताकि परिजनों को अवगत कराया जा सके। परिजनों के पहुंचने पर शव उनकी सुपुर्दगी में दिया जाएगा।
.....28 केएसपी 04 पी....मृतक भानुचंद्र डे की फाइल फोटो। स्रोत : पुुलिस