पंतनगर। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि में नए विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम गांधी हॉल में शुरू हुआ। कुलपति शिवेंद्र कश्यप ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि पंतनगर केवल एक विश्वविद्यालय नहीं बल्कि एक ऐसा अवसर है जो विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और असाधारण उपलब्धियां हासिल करने का मंच प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नए प्रयोग करने, विभिन्न विषयों को जोड़कर कार्य करने और जिज्ञासा विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि आज विद्यार्थियों के सामने कृषि, आईटी, जैव प्रौद्योगिकी और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में नई क्रांति लाने की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों से विवि की प्रयोगशालाओं, अनुसंधान केंद्रों और खेल गतिविधियों का लाभ उठाने को कहा।
कुलसचिव दीपा विनय ने दीक्षारंभ को विद्यार्थियों के जीवन का नया अध्याय बताया। अधिष्ठाता छात्र कल्याण वीसी ध्यानी ने शैक्षणिक, अनुसंधान और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का संचालन दीक्षारंभ समन्वयक छाया शुक्ला ने किया।