गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के चार दिवसीय किसान मेले का सोमवार को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, कुलपति डॉ. आदित्य कुमार मिश्रा, विधायक राजेश शुक्ला, प्रबंध परिषद सदस्य राजेंद्रपाल सिंह आदि ने फर्मों के प्रतिनिधियों एवं प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि कृषि मंत्री उनियाल ने कहा कि किसान की आय दोगुनी करने के लिए पंतनगर विवि, कृषि विभाग और उद्यान विभाग को मिलकर काम करना होगा। विवि अपनी आय के संसाधन बढ़ाए और राज्य के किसान को बचाने के लिए नेतृत्व करे। समन्वित खेती के साथ साथ समन्वित तंत्र की भी जरूरत है ताकि उच्च गुणवत्तायुक्त बीजों, अच्छे उर्वरकों, कृषि रसायनों की उपलब्धता के साथ भंडारण और विपणन की व्यवस्था हो सके।
उन्होंने शोध को किसानों के खेतों तक पहुंचाने के लिए कृषि विभाग को विवि से तालमेल बनाने की सलाह दी। उन्होंने टीडीसी की हालत सुधारने के लिए कुलपति को सलाह दी कि वह इस संस्था को पंतनगर विवि के अधीन कर लें। उन्होंने कृषि विभाग और उद्यान विभाग को निर्देश दिए कि दोनों संस्थान अपनी जरूरतों का बीज टीडीसी से ही खरीदें।
कुलपति प्रो. एके मिश्रा ने कहा उत्तराखंड से भी छोटा देश हालैंड आधुनिक तकनीकें अपनाकर विश्व का दूसरा बड़ा निर्यातक देश बन गया है। हालैंड विभिन्न कृषि उत्पादों का विश्व औसत के मुकाबले कई गुना उत्पादन कर रहा है। पानी का 90 प्रतिशत तक कम उपयोग और रासायनिक उर्वरकों का न्यूनतम प्रयोग कर रहा है। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में कीवी, अदरक, हल्दी, पुष्प, जड़ी-बूटी का उत्पादन बढ़ाने की बात कही ताकि जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि पंतनगर को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाकर इसकी समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने छात्रावासों एवं मार्केट परिसर के लिए राज्य सरकार से धन दिलाने की मांग की। इस दौरान विवि प्रबंध परिषद के सदस्य राजेंद्रपाल सिंह, कृषि निदेशक गौरी शंकर, डॉ.वाईपीएस डबास, डॉ.राजनारायण, डॉ.रामजी मौर्या, डॉ. निर्मला भट्ट आदि ने विचार रखे।
71 संस्थाएं सम्मानित
किसान मेले में सर्वोत्तम स्टाल के लिए मैसर्स एएच एसोसिएट्स दानपुर को ट्रॉफी दी गई। कंपनी के हरप्रीत सिंह और सलविंदर सिंह को कृषि मंत्री सुबोध उनियाल पुरस्कृत किया। सर्वोत्तम प्रसार का पुरस्कार दिल्ली के कोरटेक एग्री एंड बायो सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया। मेले में कुल 71 फर्मों एवं स्टालों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इनमें 20 प्रथम, 22 द्वितीय, 12 तृतीय और 17 विशेष पुरस्कार रहे।
पंतनगर के भारतीय स्टेट बैंक, रुद्रपुर के बैंक ऑफ बड़ौदा, टैफे, पंजाब मोटर्स, ग्रीन प्लाई इंडस्ट्रीज, वीपीएस एग्रोटेक, लालकुआं के सेंचुरी पल्प पेपर मिल, हल्द्वानी के जगुआर एग्रो सीड्स प्राइवेट लिमिटेड, लखनऊ के बायर सीड्स को पहला पुरस्कार मिला।
पंतनगर के पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक, उत्तराखंड काउंसिल फॉर बायोटेक्नालॉजी, रुद्रपुर के कृभको, विमको, बीटी एजेंसी कोशीपुर, ओसवाल कृषि रसायन दिल्ली, इफको हल्द्वानी को दूसरा पुरस्कार मिला।
लगातार 12वीं बार शील्ड हासिल की
उद्यान एवं परिरक्षित पदार्थ प्रदर्शनी की चैंपियनशिप उत्तराखंड सैनिक पुनर्वास संस्था फार्म पत्थरचट्टा को मिला। फार्म ने प्रदर्शनी में सबसे अधिक 34 पुरस्कार हासिल किए। इनमें 19 प्रथम और 15 द्वितीय पुरस्कार शामिल हैं। फार्म अधीक्षक बीपी श्रीवास्तव और निरीक्षक सुनील रोहेला ने संयुक्त रूप से शील्ड हासिल की। सैनिक फार्म को 12वीं बार चैंपियनशिप मिली है। संजय कालोनी, पंतनगर के बृज कुमार को व्यक्तिगत रूप से कुल 14 (आठ प्रथम एवं छह द्वितीय) पुरस्कार प्राप्त करने पर शील्ड दी गई।
किसान ज्ञान पोर्टल और किसान एप का विमोचन
कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने किसान ज्ञान पोर्टल और किसान एप का विमोचन किया। पोर्टल पंत विवि द्वारा विकसित तकनीकों एवं जानकारियों को किसानों के मध्य प्रसारित करेगा। इसका निर्माण सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अध्यक्ष डॉ. एचएल मंडोरिया, डॉ. राजीव सिंह, गोविंद वर्मा ने किया है। बताया कि इससे किसान किसी भी समय और कहीं भी कृषि की नवीनतम जानकारी एवं वैज्ञानिक तरीकों से रूबरू हो सकेंगे।