मझोला। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के न्यूरिया क्षेत्र में बृहस्पतिवार को बाघ के हमले में महिला की मौत के बाद सीमांत क्षेत्र मझोला में भी दहशत फैल गई। दिनभर मझोला क्षेत्र में वन विभाग ने गश्त कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की। साथ ही सुनपहर गांव में बाघ को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया।
मझोला से करीब 10 किलोमीटर दूर यूपी के न्यूरिया में बृहस्पतिवार को बाघ के हमले एक महिला की मौत हुई जबकि एक अन्य महिला व एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गए। न्यूरिया के उत्तराखंड के मझोला क्षेत्र से सटे होने के कारण यहां लोगों में दहशत फैल गई। बाघ के मझोला क्षेत्र के जंगलों में प्रवेश करने की आशंका को देखते हुए घटना के तुरंत बाद वन विभाग ने मझोला के अलावा सुनपहर, नौसर, ढाहढाकी, जादोपुर, मेहरबान नगर, उलानी, बरी अंजनिया क्षेत्र में गश्त की। उन्होंने ग्रामीणों से जंगलों में न जाने की अपील की।
वन दरोगा धन सिंह अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड से लगे उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र में लगातार बाघ के हमले देखने को मिल रहे हैं। सुनपहर गांव में बृहस्पतिवार को बाघ पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया गया है जबकि इससे पूर्व दाहढाकी में भी पिंजरा लगाया गया है। बता दें कि एक माह पूर्व मझोला क्षेत्र के गंगापुर, जादोपुर गांव में धान की रोपाई लगा रहे एक श्रमिक को भी बाघ ने अपना शिकार बना लिया था।