बाजपुर। क्षमता से अधिक भार और लंबाई का सामान लाद कर वाहन सड़कों पर बे-रोकटोक दौड़ रहे हैं। इन व्यवसायिक वाहनों से राहगीर व छोटे वाहन चालकों की जान का खतरा बना है। बीते दिन ओवर लोड भूसे से लदा ट्रॉला अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया था। इससे कार सवार युवक की जान चली गई थी।
हादसे के बावजूद शुक्रवार को भी रुद्रपुर-काशीपुर हाईवे पर ओवर लोड वाहन बेरोकटोक गुजरते नजर आए। पूरे दिन ट्रक, डंपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रॉला भूसी, खनन, सरिया, स्क्रेप, बिल्डिंग मटेरियल तय क्षमता से कई गुना अधिक वजन लादकर खुलेआम सड़कों पर दौड़ते रहे। इसके अलावा ई-रिक्शे वाले भी क्षमता से अधिक माल ढोते रहे जबकि ई-रिक्शा मात्र सवारियों के लिए वैध बताया जा रहा है। पुलिस प्रशासन की ओर से यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बाइक रैली और परिवहन विभाग ने जागरूकता कार्यक्रम कर इतिश्री कर ली।
ग्रामीणों का कहना है कि व्यवसायिक वाहन तय वजन और साइज से अधिक माल लादकर सड़क पर दौड़ रहे हैं। इससे हादसों का खतरा बना रहता है। ओवरलोडिंग वाहनों के टायर फटने से भी हादसा होने की संभावना रहती है। ओवरलोड वाहनों को देखकर डर लगता है। थोड़े मुनाफे के लिए व्यवसायिक वाहनों में क्षमता से अधिक माल लादकर लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं।
कोट
वाहनों में ओवरलोड और ओवर हाइट माल लादना यातायात नियमों के विपरीत है। क्षमता से अधिक भरे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा।- विभव सैनी, सीओ बाजपुर
कोट...
भूसे से भरे व ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। चालानी कार्रवाई के साथ वाहन सीज भी किए जा रहे हैं। पूर्व में भी कार्रवाई की जाती रही है। - संदीप वर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन, काशीपुर