एक ओवरलोड धान की बोरियों से लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक और ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर शव को पीएम के लिए भेज दिया है।
मंगलवार की शाम टांडा उज्जैन में अलीगंज मार्ग पर एक गली से मकान की पुताई का काम खत्म कर सुखवीर (18) पुत्र अमर सिंह निवासी ग्राम धीमरखेड़ा बादली टांडा थाना स्वार रामपुर बाइक से घर जा रहा था। जैसे ही वह अलीगंज मार्ग पर आया तो टांडा उज्जैन से अलीगंज की तरफ जा रही धान से लदी एक ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दी और सुखवीर वाहन के टायरों की चपेट में आकर कुचल गया।
ट्रैक्टर ट्राली बाइक सहित सुखवीर को करीब दस मीटर तक घसीट कर ले गई। जिससे सुखवीर का शरीर पूरी तरह से कुचल गया। घटना के समय सुखवीर ने हेलमेट नहीं पहना था। लोगों ने शोर मचाया तो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बांसफोड़ान चौकी प्रभारी जसविंदर सिंह ने भीड़ को हटाकर शव को पीएम के लिए भिजवाया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।