रुद्रपुर। बाजार खोलने के लिए अतिरिक्त समय मिलने पर व्यापारियों को थोड़ी और राहत मिली है। मंगलवार को सुबह आठ बजे से शाम सात बजे तक रुद्रपुर बाजार खुले रहने से चहलपहल रही। लेकिन लोगों ने बाजार में सामाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन किया। इससे पहले सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक दुुकानें खुल रही थीं।
शाम के समय दो घंटे दुकानें खोलने का अतिरिक्त समय मिलने से व्यापारियों के चेहरे खिले रहे। इधर, सीडीओ हिमांशु खुराना ने कहा कि शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में छह जुलाई तक कोविड कर्फ्यू बढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि सिनेमा हॉल, शॉपिंग मॉल, स्वीमिंग पूल, मनोरंजन पार्क, थियेटर, ऑडिटोरियम आदि अगले आदेश तक बंद रहेंगे।
कोचिंग संस्थान, खेल संस्थान, स्टेडियम व खेल मैदान जो 18 वर्ष से ऊपर के विद्यार्थियों खिलाड़ियों को कोचिंग देते हैं, 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुलेंगे। जिम भी 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुलेंगे। विक्रम, ओटो आदि सार्वजनिक परिवहन को सुचारु चलाने की अनुमति होगी।
सभी सब्जी, दूध, मिठाई और फलों की फूलों की दुकानें नियमित खुलेंगी। होटल, रेस्तरां, भोजनालयों और ढाबों को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ संचालन की अनुमति है। विवाह समारोह में अधिकतम 50 लोगों को 72 घटे की निगेटिव रिपोर्ट के साथ के अनुमति प्रदान की जाएगी। बाहरी राज्यों से आने वालों को भी 72 घंटे पूर्व की निगेटिव रिपोर्ट लानी होगी। शवयात्रा में अधिकतम 50 लोग शामिल हो सकेंगे।